Top
Begin typing your search above and press return to search.

उज्जैन में महाकाल परिसर के नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़, छह श्रद्धालु घायल; हरसिद्धि मंदिर में 13 की तबीयत बिगड़ी

उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह के बाद भगदड़ जैसी स्थिति में छह श्रद्धालु घायल हुए। हरसिद्धि मंदिर के पास भी 13 लोगों की तबीयत बिगड़ी।

उज्जैन में महाकाल परिसर के नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़, छह श्रद्धालु घायल; हरसिद्धि मंदिर में 13 की तबीयत बिगड़ी
X

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार सुबह धार्मिक स्थलों पर भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। महाकाल मंदिर परिसर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लगी कतार में अचानक करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। नीलकंठ द्वार के पास हुई इस घटना में करीब छह श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ श्रद्धालुओं को चरक अस्पताल भी ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और दर्शन व्यवस्था को सामान्य करने की कोशिश की।

बैरिकेडिंग के पास बढ़ा भीड़ का दबाव

नागचंद्रेश्वर मंदिर के अलावा हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भी अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। इससे करीब 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें कुछ लोगों को चक्कर और कमजोरी की शिकायत हुई, जबकि धक्का-मुक्की के दौरान कुछ श्रद्धालुओं को चोटें भी आईं।

बताया गया कि श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रहीं।

बैरिकेड से टकराने पर श्रद्धालु के पैर में चोट

घटना के दौरान हरिश्चंद्र नाम के श्रद्धालु को बैरिकेड से टकराने के कारण पैरों में गंभीर चोट आई। अस्पताल पहुंचाए गए श्रद्धालुओं में उज्जैन, ग्वालियर, बिहार, गुजरात और अन्य स्थानों से आए लोग शामिल बताए गए हैं।

घायलों में हिंदूबाई, 19 वर्षीय सागर, लक्ष्मीबाई, अनसूया और उनकी मां ममता, हरिश्चंद्र, 18 वर्षीय सोनम, सुजीत कुमार, खुशी तथा तुलसी और उनकी मां रेखाबाई के नाम सामने आए हैं।

श्रद्धालु ने बताई धक्का-मुक्की की वजह

ग्वालियर से आए श्रद्धालु सुरेंद्र सिंह राणा ने दावा किया कि वह अपनी भतीजी सोनम के साथ रात से ही नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। उनके मुताबिक, श्रद्धालुओं को कई बार रोका जा रहा था और अचानक भीड़ को आगे बढ़ाए जाने से धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने के लिए तत्काल एंबुलेंस बुलवाई और बीमार श्रद्धालुओं को अस्पताल भेजा।

पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को व्यवस्थित किया। फिलहाल दर्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर ध्यान दिया जा रहा है।

अस्पताल में भर्ती एक श्रद्धालु के परिजन ने भी बताया कि बैरिकेड के पास अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बनी थी। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it