US-Iran War: ईरान को ट्रंप की चेतावनी, कहा- ऐसा हमला करेंगे जो कभी देखा ना होगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अगर ईरान आज हमला करता है तो अमेरिका उसे बेमिसाल ताकत से जवाब देगा।

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अगर ईरान आज हमला करता है तो अमेरिका उसे बेमिसाल ताकत से जवाब देगा। ट्रंप ने लिखा "ईरान ने अभी कहा कि वे आज बहुत ही जोरदार हमला करेंगे, इससे पहले जितना कभी हमला हुआ, उससे भी ज्यादा। वे ऐसा न करें, क्योंकि अगर करेंगे तो हम उन्हें ऐसी ताकत से मारेंगे जो पहले कभी नहीं देखी गई।"
27 अमेरिकी बेसों पर ईरान का हमला
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने अमेरिका और इस्राइल के हवाई हमलों के जवाब में पश्चिमी एशिया में 27 अमेरिकी बेसों और इस्राइल पर छठी लहर के हमलों की घोषणा की है। ईरानी स्टेट मीडिया के अनुसार, IRGC ने कहा कि इन हमलों में विस्तृत मिसाइल और ड्रोन हमले शामिल हैं। इसका लक्ष्य क्षेत्र में अमेरिकी और इस्राइली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना है।
दुबई और यूएई में भी धमाके
दोहा के आकाश में कई जोरदार धमाके सुने गए, जिन्हें कुछ सबसे तेज धमाकों में से बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कतर की वायु रक्षा प्रणाली ईरान से होने वाले हमलों को रोक रही है। इस दौरान मलबा जमीन पर गिरने की भी संभावना है।
यह पुष्टि करना मुश्किल है कि ईरान से कितने मिसाइल या ड्रोन कतर की ओर छोड़े गए और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। साथ ही, दुबई और यूएई में भी धमाके हुए हैं और रिपोर्ट्स के अनुसार आगे और हमले होने की संभावना है, क्योंकि ईरान ने कहा है कि और हमले जल्द होने वाले हैं।
ईरान को विभाजित करने का प्रयास कर रहा है इस्राइल- राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी ने संयुक्त अमेरिकी-इस्राइली हमले के बाद इस्राइल पर देश को विभाजित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। फार्स राज्य समाचार एजेंसी द्वारा जारी बयान में लारीजानी ने कहा कि इस्राइली शासन को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़े देशों को विभाजित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
लारीजानी ने ट्रंप को लूट का आदर्श प्रतीक बताया और उन पर ईरान के संसाधनों पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहा अमेरिका शासन ने ईरानी जनता के दिलों को जला दिया और हम भी उनके दिलों को जला देंगे।
हम खामेनई के रास्ते को और मजबूत करेंगे
खामेनई की मौत पर ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि खामेनेई पक्के और वफादार थे। ईरान उनके रास्ते को मजबूती और पक्के इरादे के साथ जारी रखेंगे। हम अमेरिका और इजराइली दुश्मन को बताते हैं कि आपने हमारी रेड लाइन पार की है और आपको इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। हमारी सेनाओं ने सभी इजराइली दुश्मन सेंटर्स और US बेस पर हमला किया है और हमारा हमला जारी रहेगा। ईरान ने इस पल के लिए तैयारी कर ली है और हम कमांडर की शहादत के बाद भी रास्ते पर चलते रहेंगे।
इजराइली सेना ने देशवासियों से की बंकरों में रहने की अपील
इजराइली सेना ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे ईरानी बमबारी से प्रभावित इलाकों की लोकेशन शेयर न करें, क्योंकि जवाबी हमले जारी हैं। एक नए पोस्ट में सेना ने यह भी कहा कि जब तक लोगों को बाहर निकलने के लिए न कहा जाए, वे सुरक्षित बंकरों में ही रहें। अगर कोई अलर्ट नहीं मिला है, तो सुरक्षित जगह के पास ही रहें। इजरायली डिफेंस फोर्स ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में 20वीं बार, ईरानी मिसाइल हमले के कारण लाखों इजराइली बंकरों में शरण ले रहे हैं।


