बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- राजनीति में आकर गलती की
पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर और टीएमसी नेता आशीष बनर्जी रामपुरहाट के पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कथित सुसाइड नोट बरामद किया।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति से रविवार सुबह एक बड़ी दुखद खबर सामने आई। राज्य विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता आशीष बनर्जी बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। पुलिस के अनुसार, उनका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट बरामद किए जाने की भी जानकारी दी है। सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया है। लेकिन एक चीज लेटर में ऐसी लिखी है, जिसकी काफी चर्चा हो रही है। इस लेटर में आशीष ने राजनीति में आने पर दुख जताया है। इसके अलावा अपने परिवार के सदस्यों को भी उन्होंने सलाह दी है कि भविष्य में कभी राजनीति में न आएं। हालांकि, नोट में क्या लिखा है और घटना के पीछे क्या कारण हो सकते हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ममता सरकार में संभाली थी अहम जिम्मेदारियां
आशीष बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके थे। उन्होंने विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के अलावा राज्य सरकार में शिक्षा और कृषि मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
लंबे राजनीतिक करियर के दौरान आशीष बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। पार्टी संगठन में भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।
रामपुरहाट से पांच बार जीते थे चुनाव
आशीष बनर्जी का रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय तक राजनीतिक प्रभाव रहा। वह इस सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे। हालांकि, हालिया विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
चुनावी हार के बाद भी वह क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे और पार्टी संगठन से जुड़े रहे। उनके निधन की खबर के बाद रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचने लगे।
जून में छोड़ा था जिला अध्यक्ष का पद
आशीष बनर्जी ने 2 जून को टीएमसी के बीरभूम जिला अध्यक्ष और जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। उस समय उन्होंने कोर कमेटी के कामकाज को लेकर अपनी राय जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि कोर कमेटी निष्क्रिय हो गई थी और अब उसके काम करने की जरूरत नहीं रह गई है। इसके बाद उन्होंने खुद को पार्टी के सामान्य सदस्य तक सीमित रखने की बात कही थी।
परिवार में पसरा शोक
आशीष बनर्जी अपने परिवार के साथ रामपुरहाट के हत्तलापारा इलाके में रहते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही परिवार, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल बन गया।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। कथित सुसाइड नोट की भी जांच की जाएगी। पुलिस के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


