Top
Begin typing your search above and press return to search.

स्वतंत्र भारद्वाज पर SC-ST एक्ट की धारा भी जुड़ी, 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा; निशु आजाद ने बताया पूरा घटनाक्रम

जंतर-मंतर मारपीट मामले में स्वतंत्र भारद्वाज पर SC-ST एक्ट की धारा भी जुड़ी। निशु आजाद के अनुसार पुलिस ने 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।

स्वतंत्र भारद्वाज पर SC-ST एक्ट की धारा भी जुड़ी, 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा; निशु आजाद ने बताया पूरा घटनाक्रम
X
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर 23 जून को हुए NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान संजय आजाद से कथित मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। संजय आजाद प्रदर्शनकारी छात्रा निशु आजाद के पिता हैं। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और सिर में चोट आई।

मामले ने उस समय नया मोड़ लिया, जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सामने आया। इसमें उन्होंने कथित तौर पर प्रदर्शन के दौरान एक लड़की के पिता से मारपीट करने की बात कही थी। इसके बाद निशु आजाद ने मामले को दोबारा उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

संसद मार्ग थाने पहुंचे चंद्रशेखर आजाद और प्रदर्शनकारी

शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद समेत कई प्रदर्शनकारी संसद मार्ग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग की।

थाने में पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद निशु आजाद ने बताया कि उन्हें 72 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और मामले में आगे कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने सहयोग का आश्वासन दिया है। इस दौरान निशु भावुक भी हो गईं और चंद्रशेखर आजाद उन्हें संभालते नजर आए।

SC-ST एक्ट की धारा भी जोड़ी गई

निशु आजाद के दलित समुदाय से होने के चलते मामले में अब आरोपी के खिलाफ SC-ST एक्ट की धारा भी जोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। इससे मामले में दर्ज एफआईआर के तहत कानूनी कार्रवाई का दायरा बढ़ गया है।

पुलिस ने पहले भी मामले में कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान संजय के सिर में चोट लगी थी और मेडिकल जांच में चोट को मामूली बताया गया था।

स्वतंत्र भारद्वाज ने बताया आत्मरक्षा का मामला

दूसरी ओर, स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए कहा है कि घटना के दौरान उन्होंने आत्मरक्षा में प्रतिक्रिया दी थी। उनका दावा है कि प्रदर्शन स्थल पर उनके खिलाफ भी हमला होने की स्थिति बनी थी और इसी दौरान उनके हाथ में पहना कड़ा संजय आजाद के सिर से टकरा गया।

भारद्वाज ने यह भी कहा कि उन्हें गलत तरीके से मामले में आरोपी बनाया जा रहा है और वह खुद को दोषी नहीं मानते। उन्होंने अपने पुराने वीडियो में चिराग पासवान और कपिल मिश्रा को बड़े भाई जैसा बताते हुए किए गए कथित दावे पर भी सफाई दी।

बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस की टीम

मामले में आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भी मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है। हालांकि, गिरफ्तारी की स्थिति और आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it