Top
Begin typing your search above and press return to search.

आखिरकार गिरफ्तार हुआ स्वतंत्र भारद्वाज, दिल्ली की अदालत ने एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

CJP समर्थक के पिता पर कथित हमले के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार हो गया है। पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।

आखिरकार गिरफ्तार हुआ स्वतंत्र भारद्वाज, दिल्ली की अदालत ने एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
X
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की समर्थक छात्रा के पिता पर कथित हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने हिंदूवादी इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

इससे एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई CJP के प्रतिनिधिमंडल द्वारा संसद मार्ग थाने का घेराव किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई थी। प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से भारद्वाज की गिरफ्तारी के साथ-साथ मामले में कड़ी कानूनी धाराएं लगाने की मांग की गई थी।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

मामला स्वतंत्र भारद्वाज के एक वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आया। वीडियो में उसने छात्रा के पिता संजय कुमार पर हमले का जिक्र किया था। उसने कथित तौर पर दावा किया था कि हमले में संजय कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई थी और राजनीतिक पहचान के कारण वह गिरफ्तारी से बच गया था।

विवाद बढ़ने के बाद भारद्वाज ने अपने बचाव में दावा किया था कि उसने कार्रवाई आत्मरक्षा में की थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उसके दावों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि संजय कुमार को लगी चोटें सामान्य प्रकृति की थीं और कथित तौर पर किसी कड़े की वजह से लगी थीं। पुलिस के अनुसार, उन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

सीजेपी ने थाने का किया था घेराव

वायरल वीडियो के बाद CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ शुक्रवार को संसद मार्ग थाने का घेराव किया था। प्रदर्शनकारियों ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ पॉक्सो तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बताया गया कि 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का भरोसा दिया गया था, लेकिन इसके कुछ ही घंटे बाद स्वतंत्र को बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया गया।

एफआईआर में बढ़ाई गईं कानूनी धाराएं

दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र को हिरासत में लेने के बाद मामले की एफआईआर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराएं जोड़ी थीं। इसके अलावा उसके खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

समर्थकों के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा कड़ी

स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी के बाद उसके समर्थकों ने शनिवार को संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसके मद्देनजर पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। थाने के आसपास बैरिकेडिंग की गई और अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की गई।

फिलहाल अदालत के आदेश के बाद पुलिस स्वतंत्र भारद्वाज से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान वायरल वीडियो, कथित हमले और एफआईआर में जोड़ी गई धाराओं से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it