Top
Begin typing your search above and press return to search.

सोनिया गांधी ने दिल्ली में लालू यादव से की मुलाकात, जाना स्वास्थ्य का हाल; तेजस्वी भी रहे मौजूद

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने दिल्ली में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है।

सोनिया गांधी ने दिल्ली में लालू यादव से की मुलाकात, जाना स्वास्थ्य का हाल; तेजस्वी भी रहे मौजूद
X
नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने काफी समय से अस्वस्थ चल रहे लालू यादव की सेहत का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। यह मुलाकात लालू यादव की बड़ी बेटी और पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर हुई। बैठक के दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी और लालू यादव की यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी। बताया गया कि कुछ दिन पहले सोनिया गांधी ने लालू यादव से फोन पर बातचीत की थी। उसी दौरान उन्होंने उनसे मिलने आने की बात कही थी। इसके बाद सोमवार को वह उनका हाल जानने पहुंचीं।

तेजस्वी यादव ने बताई मुलाकात की वजह

मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि लालू यादव नियमित चेकअप के लिए दिल्ली आए हुए हैं। उन्होंने सोनिया गांधी को इसकी जानकारी दी थी। इस पर सोनिया गांधी ने मिलने आने की इच्छा जताई थी।

तेजस्वी ने कहा कि लालू यादव और सोनिया गांधी के बीच लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। दोनों नेताओं ने कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ दिया है। काफी समय से उनकी मुलाकात नहीं हुई थी, इसलिए सोनिया गांधी लालू यादव का हाल जानने आई थीं। उन्होंने लालू यादव को अपना ध्यान रखने की सलाह भी दी।

INDIA गठबंधन की एकजुटता पर तेजस्वी का जोर

सोनिया गांधी की मुलाकात से एक दिन पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली आयोजित हुई थी। इस रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई थी।

तेजस्वी यादव ने कहा कि देश की मौजूदा चुनौतियों का सामना करने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट रहना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक सभी दल मिलकर संघर्ष नहीं करेंगे, तब तक लड़ाई जीतना मुश्किल है। उनके मुताबिक, रामलीला मैदान की रैली अंतिम कार्यक्रम नहीं है। जब तक ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, विपक्ष अपनी आवाज उठाता रहेगा।

किरेन रिजिजू के बयान पर भी साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष की रैली को लेकर खाली कुर्सियों का दावा किया था। इस पर तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि रैली को फ्लॉप बताने की कोशिश सरकार की घबराहट दिखाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर उठ रही आवाज से सत्ता पक्ष परेशान है।

सोनिया गांधी और लालू यादव की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब विपक्षी दल चुनाव आयोग के मुद्दे पर एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it