यूपी के शाहजहांपुर में मंदिर के अंदर दो साधुओं की हत्या, शव जलाने का भी आरोप
शाहजहांपुर के खुदागंज में शिव मंदिर के अंदर दो साधुओं की हत्या के बाद शव जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित शिव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या कर उनके शवों को मंदिर परिसर में ही जलाए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह मंदिर से धुआं उठता देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
मृतकों की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है। दोनों साधु मंदिर परिसर में ही रहते थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंदिर से उठता धुआं देखकर ग्रामीण पहुंचे
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने मंदिर की ओर से धुआं उठते देखा। जब वे मौके पर पहुंचे तो एक साधु का शव जल रहा था, जबकि दूसरे शव की हालत बेहद जली हुई थी। बताया गया कि दोनों शव एक-दूसरे से करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़े थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अब हत्या और शवों को जलाने की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के मुताबिक, गांव के निवासी शिवकुमार की तहरीर के आधार पर एक युवक सुमित के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सुमित कुछ समय पहले ही एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था और पिछले कुछ दिनों से दोनों साधुओं के संपर्क में था।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस का कहना है कि सुमित ने कथित तौर पर साधुओं से मंदिर खाली करने के लिए कहा था। आरोप है कि उसने कहा था कि अब वह खुद मंदिर में रहेगा और वहां उसका अधिकार होगा। पुलिस इसी विवाद को घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
आरोपी हिरासत में, फॉरेंसिक जांच जारी
एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि नामजद आरोपी सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों साधुओं की हत्या किस तरह की गई और शवों को मंदिर परिसर में जलाने के पीछे क्या वजह थी। मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


