Top
Begin typing your search above and press return to search.

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: फरार मालिक हरिराम बंसल भिवाड़ी से पकड़ा गया, 7 छात्रों की मौत

दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में फरार मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से पुलिस ने हिरासत में लिया। हादसे में 7 छात्रों की मौत हुई है।

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: फरार मालिक हरिराम बंसल भिवाड़ी से पकड़ा गया, 7 छात्रों की मौत
X

नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बिल्डिंग गिरने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे इमारत के मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। दिल्ली पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। अब हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में कथित लापरवाही और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही थी इमारत

पुलिस के मुताबिक, हादसे वाली इमारत का इस्तेमाल पेइंग गेस्ट यानी पीजी के तौर पर किया जा रहा था। आरोप है कि बिल्डिंग के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया और कई छात्र मलबे में दब गए।

रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुए इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में मदद शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मलबे के नीचे से लोगों के बचाने की आवाजें आ रही थीं।

अब तक 7 छात्रों की मौत, कई की तलाश जारी

हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान में दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, दमकल विभाग और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) समेत कई एजेंसियां जुटीं। अब तक 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी है, जिनमें सात छात्रों की मौत हो चुकी है। कुछ लोगों के अब भी लापता होने की बात सामने आई है।

रेस्क्यू टीमों ने मलबे को हटाकर फंसे लोगों की तलाश की। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए इमारत के निर्माण और मरम्मत से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड

इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा एक्शन हुआ है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम के साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर समेत पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है। इनमें डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों का जायजा लिया। दिल्ली के मंत्री सतीश खुराना ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों को पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही इमारतों और बिना मंजूरी के अतिरिक्त मंजिल बनाए जाने जैसी संभावित अनियमितताओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।

अब पुलिस की जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि इमारत में मरम्मत का काम किस तरह चल रहा था और क्या सुरक्षा या निर्माण नियमों की अनदेखी हुई थी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it