संजय सिंह का बड़ा दावा: यूपी के 5 सरकारी स्कूल रिकॉर्ड में चालू, जमीन पर नहीं; खोजने वाले को 1 लाख रुपये इनाम
आप सांसद संजय सिंह ने जौनपुर के पांच सरकारी स्कूलों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि स्कूल यू डायस रिकॉर्ड में चालू हैं, लेकिन जमीन पर नहीं दिखते और खोजने वाले को ₹1 लाख इनाम देंगे।

जौनपुर के पांच स्कूलों को लेकर उठाए सवाल
संजय सिंह ने रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिन संस्थानों का उल्लेख किया, उनमें प्राथमिक विद्यालय ढालगर टोला, प्राथमिक विद्यालय मिसिरपुर कन्या, कंपोजिट विद्यालय गदन अर्ज़नी, प्राथमिक विद्यालय उर्दू बाजार और प्राथमिक विद्यालय बाग हासिम शामिल हैं।
आप नेता का आरोप है कि इन स्कूलों को यू-डायस पोर्टल पर संचालित दिखाया जा रहा है, जबकि मौके पर न तो स्कूल की इमारत दिखाई देती है और न ही बच्चों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति का स्पष्ट प्रमाण मिलता है। उन्होंने कहा कि स्कूलों से जुड़ी जमीन पर कब्जे की स्थिति भी होने का दावा सामने आया है।
संजय सिंह ने इसे सरकारी व्यवस्था में कथित अनियमितता बताते हुए तंज कसा कि उत्तर प्रदेश में अब “स्कूल चोरी” का नया मॉडल सामने आया है।
‘सच दिखाने वालों पर हो रही कार्रवाई’
आप सांसद ने योगी सरकार पर सरकारी स्कूलों की बदहाली सामने लाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि नोएडा में स्कूलों की स्थिति दिखाने पर पार्टी के युवा विंग से जुड़े पंकज सिंह और हरदोई में कार्यकर्ता फिरोज सिद्दीकी के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
संजय सिंह ने कहा कि यदि स्कूलों की व्यवस्था में गड़बड़ी सामने आती है तो कार्रवाई उन अधिकारियों पर होनी चाहिए जो इसके लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे मामलों को उठाने से पीछे नहीं हटेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो वह कानूनी रास्ता अपनाएंगे।
‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के जरिए कई जिलों पर सवाल
संजय सिंह ने पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत जारी वीडियो रिपोर्ट का भी हवाला दिया। उनका दावा है कि प्रतापगढ़, सिद्धार्थनगर और सोनभद्र के कुछ स्कूलों में भवन और शौचालयों की स्थिति खराब है। वहीं बरेली, बदायूं और बिजनौर के कुछ स्कूलों में बच्चों को गंदगी और कीचड़ के बीच बैठने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आगरा, फिरोजाबाद और हाथरस के कुछ स्कूलों में भी सफाई और भवन संबंधी समस्याओं का दावा किया। AAP नेता ने सरकारी स्कूलों की संख्या और उनके संचालन को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।


