रोहिणी ने पीएम मोदी को फिर बनाया निशाना; कहा- सरकार के 12 साल, गौरवकाल या झूठ का पुलिंदा?
रोहिणी आचार्या आज अहले सुबह जागते ही सोशल मीडिया पर आई और पीएम मोदी पर निशाना साधने लगी। वह सिर्फ वहीं तक सीमित नहीं रहीं बल्कि उन्होंने अपना गुस्सा मीडिया पर भी उतारा। उन्होंने मीडिया पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीएम मोदी पर हमला
राजद नेता रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि, "सरकार से सवाल करने से परहेज करने एवं कतराने वाली प्रायोजित मीडिया का बड़ा हिस्सा, तर्क, तथ्य व विवेक विहीन भाजपाई एवं उनके समर्थक और अंधभक्त मई 2014 से मई 2026 तक के 12 वर्षों को मोदी सरकार के गौरवशाली बारह वर्ष बताते नहीं थकते, लेकिन पिछले 12 वर्षों में मोदी जी व उनकी सरकार के द्वारा देश की जनता को किए गए वादों और हकीकत की तटस्थ, तथ्यपरक, तार्किक तुलना एवं विवेचना करने के पश्चात् सही निष्कर्ष यही निकलता है कि मोदी जी और उनकी सरकार ने सिर्फ यही किया हैं" झूठ को बड़ा बनाओ, बार-बार दुहराते रहो और तमाम बेजा हथकंडों एवं फरेब की मदद से लोगों को उस पर विश्वास करने पर मजबूर कर देश की जनता को ठगते रहो।"
मीडिया पर भी निशाना
राजद नेता रोहिणी आचार्या ने मुख्यधारा की मीडिया के एक बड़े हिस्से पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि मीडिया का यह हिस्सा सरकार से जरूरी सवाल पूछने से कतराता रहा है। साथ ही, बिना किसी ठोस तर्क या विवेक के सरकार का समर्थन करने वालों को अंधभक्त बताते हुए कहा कि ये लोग बिना तथ्यों के ही इन 12 वर्षों को बेमिसाल बताने में जुटे हैं।


