Top
Begin typing your search above and press return to search.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन, आरोपियों पर बुलडोजर और गैंगस्टर एक्ट की तैयारी, अवैध संपत्तियों की जांच शुरू

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में प्रशासन का बड़ा एक्शन। आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी, 80 लाख रुपये से अधिक की बरामदगी।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन, आरोपियों पर बुलडोजर और गैंगस्टर एक्ट की तैयारी, अवैध संपत्तियों की जांच शुरू
X

अयोध्या। अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अब प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस और जिला प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की प्रक्रिया भी तेज कर रहे हैं।

जांच एजेंसियों का मानना है कि अब तक जुटाए गए साक्ष्य गिरोहबंद एवं समाज विरोधी गतिविधि निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत कार्रवाई के लिए पर्याप्त हैं। विधिक राय लेने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ नए मुकदमे दर्ज किए जा सकते हैं।

इसी क्रम में अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) की टीम आरोपी लवकुश मिश्रा के शहादतगंज स्थित निर्माणाधीन मकान पर पहुंची। अधिकारियों ने भवन का सर्वे किया, परिजनों से पूछताछ की और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि यदि निर्माण में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसआईटी जांच के बाद दर्ज हुई एफआईआर

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला जून के पहले सप्ताह में सामने आया था। शुरुआत में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आंतरिक स्तर पर जांच कराई। बाद में पुलिस ने छापेमारी कर नकदी बरामद की और मामला गंभीर होने पर राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) गठित किया।

एसआईटी की रिपोर्ट मिलने के बाद ट्रस्ट की ओर से आठ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने अब तक रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमाशंकर मिश्रा और करुणेश पांडेय समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान करीब 80 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये बरामद हुए हैं, जिनकी वैधता और स्रोत की भी जांच की जा रही है।

कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी, संपत्तियों की जांच जारी

मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस लगातार आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच कर रही है। हाल ही में आरोपी अनुकल्प मिश्रा द्वारा खरीदे गए मकान की भी जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा रुदौली, खंडासा और इनायतनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने आरोपियों के पैतृक घरों पर छापेमारी की।

लवकुश मिश्रा के गांव में पुलिस ने परिजनों से आय के स्रोत और हाल के वर्षों में खरीदी गई जमीन तथा अन्य संपत्तियों के संबंध में पूछताछ की। घर की तलाशी के दौरान भूसे के ढेर तक की जांच की गई। पुलिस का कहना है कि पहले भी इसी परिसर से नकदी बरामद होने के कारण हर संभावित स्थान की तलाशी ली जा रही है।

वहीं करुणेश पांडेय और अनुकल्प मिश्रा के पैतृक आवासों पर भी कई घंटे तक जांच चली। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दस्तावेजों और संपत्तियों की पड़ताल की गई।

गैंगस्टर एक्ट और अवैध संपत्तियों पर होगी अगली कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की संपत्तियों, बैंक खातों और आय के स्रोत की विस्तृत जांच जारी है। यदि अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति के प्रमाण मिलते हैं तो गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्त करने और अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई जैसी कानूनी प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।

प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी तरह कानून के दायरे में की जा रही है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it