राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा के दो उम्मीदवारों को सिर्फ 1-1 वोट, चौंकाने वाला रिजल्ट
राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा के दो उम्मीदवारों को सिर्फ एक-एक वोट मिला। परबतसर और सैपऊ के इन नतीजों ने सबको चौंका दिया है।

डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 से भाजपा ने कैलाशचंद को उम्मीदवार बनाया था। वहीं धौलपुर जिले की सैपऊ नगरपालिका के वार्ड 19 से लक्ष्मण कोली चुनाव मैदान में थे। मतगणना के बाद दोनों को सिर्फ एक-एक वोट मिला।
परबतसर में कांग्रेस उम्मीदवार ने दर्ज की जीत
राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नतीजों के मुताबिक परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 में कांग्रेस उम्मीदवार हीना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके मुकाबले निर्दलीय राशिद खान को 195 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार कैलाशचंद के खाते में सिर्फ एक वोट आया।
कैलाशचंद ने बताया कि वह खुद वार्ड 12 के मतदाता हैं, लेकिन भाजपा ने उन्हें वार्ड 13 से चुनाव लड़ाया था। उन्होंने कहा कि उन्हें एक वोट मिला और संभव है कि वार्ड 13 के किसी मतदाता ने उन्हें वोट दिया हो।
सैपऊ में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत
धौलपुर जिले की सैपऊ नगरपालिका के वार्ड 19 में निर्दलीय उम्मीदवार अजय कुमार ने 108 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर निर्दलीय राजेश कुमार रहे, जिन्हें 69 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण कोली के खाते में यहां भी सिर्फ एक वोट आया।
परिवार के वोट को लेकर भी चर्चा
लक्ष्मण कोली का मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि बताया गया कि उनकी पत्नी, बेटा और बहू समेत परिवार के कुछ सदस्य इसी वार्ड के मतदाता हैं। हालांकि मतदान पूरी तरह गोपनीय होता है। इसलिए यह निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि परिवार के किसी सदस्य ने उन्हें वोट नहीं दिया।
309 शहरी निकायों में हुआ था चुनाव
राजस्थान में 309 शहरी निकायों के लिए चुनाव हुए थे और सोमवार को इनके नतीजे सामने आए। पार्षद के 10 हजार से ज्यादा पदों के लिए हुए चुनाव में अलग-अलग वार्डों के परिणामों ने राजनीतिक दलों का ध्यान खींचा है।
परबतसर नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। यहां कांग्रेस ने 13 वार्ड जीतकर साधारण बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा को 12 वार्डों में जीत मिली।


