यूपी से बंगाल तक बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-तूफान का अलर्ट; तापमान में भारी गिरावट
मौसम विभाग ने 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ का असर कम से कम पांच दिनों तक रहेगा। कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है।

नई दिल्ली। मौसम ने उत्तर और पश्चिम भारत में एकदम से करवट ले ली है। कंबल और रजाई रखकर कूलर निकालने वाले लोग फिर से स्वेटर निकालने लगे हैं। दो दिन की बारिश ने ही जैसे ठंड की वापसी करा दी है। बारिश की वजह से उत्तर भारत में पारा तेजी से नीचे आ गया है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में मौसम विभाग ने तेज हवाओं और जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 17 राज्यों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मूसलाधार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि यूपी, बिहार और दिल्ली में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटे तक भी जा सकती है। ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान की आशंका है। यूपी-बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मौसम एकदम से बदल गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों के लिए अगले दो दिन बेहद अहम हैं। कई जगहों पर मूसलाधार बारिश की भी आशंका है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं की वजह से मौसम में परिवर्तन हुआ है। इस सिस्टम का असर अलग-जगहों पर अलग-अलग तरह का है।
कब तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि यह सिस्टम कम से कम पांच दिनों तक सक्रिय रहेगा। 23 मार्च तक अलग-अलग राज्यों में आंधी और पानी का अलर्ट है। गेहूं के कटाई के समय मौसम का इस तरह का परिवर्तन किसानों के लिए चिंता का विषय बन गया है। शनिवार को भी सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी हुई है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
मौसम ने करवट इस कदर ली है कि पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी होने लगी है। उत्तराखंड में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अल्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बारिश के चलते भूस्खलन की भी आशंका है। बिहार में भी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और मध्य हिस्सों में मध्यम बारिश की संभावना है। गुजरात में भी हल्की से मध्यम तक बारिश हो सकती है। दक्षिण की बात करें तो केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यूपी का मौसम
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से सटे ज्यादातर जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली चमकी और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे तापमान में काफी गिरावट आया। क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि इस मौसम का प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड में बने रहने की संभावना है और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाएं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और इटावा समेत 27 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि मौजूदा मौसम से अगले दो दिनों में तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश हुई और शहर का अधिकतम तापमान घटकर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो कि सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।


