पंजाब में AAP को लगातार दूसरे दिन झटका, एक और विधायक ने दिया इस्तीफा; कुंवर विजय प्रताप ने बताया आगे का प्लान
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले दो अन्य विधायक भी पार्टी छोड़ चुके हैं।

नई दिल्ली। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को लगातार झटके लग रहे हैं। पार्टी के दो मौजूदा विधायकों के इस्तीफे के एक दिन बाद अमृतसर उत्तर से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी है। खास बात यह है कि उनके इस्तीफे का फैसला पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी होने के कुछ ही समय बाद सामने आया। लगातार हो रहे इन घटनाक्रमों ने पंजाब की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। राज्य में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
कुंवर विजय प्रताप ने इस्तीफे के बाद क्या कहा?
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की स्पष्ट वजह नहीं बताई और न ही किसी नेता पर सीधे तौर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक के रूप में उन्होंने अपने निर्धारित लक्ष्यों में से करीब 90 प्रतिशत काम पूरे कर लिए हैं।
उन्होंने अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि राजनीति से 'माई-बाप संस्कृति' खत्म करने को बताया। उनके मुताबिक, उन्होंने जनता को ही अपनी प्रेरणा का वास्तविक स्रोत मानकर काम किया। उन्होंने समर्थकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके प्यार और सम्मान के लिए वह जीवनभर ऋणी रहेंगे।
नशे, गैंगस्टर और भ्रष्टाचार पर जताई चिंता
अपने संदेश में पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे कुंवर विजय प्रताप ने पंजाब की मौजूदा चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य इस समय नशे, जबरन वसूली, गैंगस्टरों के आतंक और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। पंजाब को दोबारा प्रगतिशील और अग्रणी राज्य बनाने के लिए ठोस प्रयास करने की जरूरत है।
उन्होंने सड़क, नाली और फीता काटने तक सीमित राजनीति से आगे बढ़ने की अपील की। साथ ही स्वच्छ राजनीति और पारदर्शी प्रशासन को लेकर भविष्य की रणनीति बनाने की बात कही।
विधायक के तौर पर उन्होंने अमृतसर के पानी और सीवेज प्रबंधन, सर्किट हाउस, कंपनी बाग, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, सरकारी मेडिकल कॉलेज और बरगाड़ी बेअदबी मामले जैसे मुद्दे विधानसभा में उठाने का दावा किया।
पहले दो विधायकों ने भी छोड़ी पार्टी
कुंवर विजय प्रताप से पहले रविवार को चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी AAP से इस्तीफा दे दिया था। चेतन सिंह समाना और हरमीत सिंह सनौर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहली सूची में 40 मौजूदा विधायकों को टिकट
इस्तीफों के बीच आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली उम्मीदवार सूची भी जारी की है। इसमें 40 मौजूदा विधायकों को दोबारा मैदान में उतारा गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धुरी सीट से चुनाव लड़ेंगे।
सूची में कुलदीप सिंह धालीवाल, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, कुलवंत सिंह, ब्रह्म शंकर शर्मा और बलकार सिंह जैसे नाम शामिल हैं। वहीं, कुंवर विजय प्रताप सिंह को इस सूची में जगह नहीं मिली। लगातार इस्तीफों और टिकट वितरण के बीच अब सबकी नजर इस बात पर है कि पंजाब में AAP की अंदरूनी सियासत आगे क्या मोड़ लेती है।


