Top
Begin typing your search above and press return to search.

सामने आई प्रतीक यादव की पीएम रिपोर्ट, हृदय और श्वसन तंत्र फेल होने से हुई मौत

Akhilesh Singh Yadav Step Brother Prateek Yadav Death News: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई, प्रतीक यादव (38) का लखनऊ में निधन हो गया है। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे थे। उन्हें सुबह छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सामने आई प्रतीक यादव की पीएम रिपोर्ट, हृदय और श्वसन तंत्र फेल होने से हुई मौत
X

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार की अहले सुबह मौत हो गई है। 38 साल के प्रतीक यादव को सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम केजीएमयू में डॉक्टरों के पैनल ने किया है। शरीर पर किसी चोट की पुष्टि नहीं हुई है। सिविल अस्पताल ने कहा है कि प्रतीक की मौत जहर से नहीं हुई है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। पोस्टमार्टम के दौरान प्रतीक के साले अमन बिष्ट मौजूद थे।

प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक की मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स (हृदय और श्वसन तंत्र का अचानक फेल होना) व अत्यधिक पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म (फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून के थक्के जमने) के कारण हुई।

प्रतीक की पत्नी और यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ पहुंच गई हैं। अपर्णा सोमनाथ मंदिर गई थीं और रात में दिल्ली में रुकी थीं। पति के निधन की खबर सुनकर दिल्ली से निकलीं अपर्णा लखनऊ में अपने घर पहुंच गई हैं। अपर्णा के पिता और भाई अस्पताल से प्रतीक का शव लेकर घर आ गए हैं। केजीएमयू अस्पताल ने अपर्णा के पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन सिंह बिष्ट को प्रतीक का शव सौंप दिया था। शव को अब विक्रमादित्य रोड स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव का दाह संस्कार गुरुवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे पिपरा घाट पर या दिलकुशा में होगा।

प्रतीक यादव राजनीति से दूर जिम और रियल एस्टेट के बिजनेस में थे। हाल ही में वो मुंबई से काफी दिनों तक इलाज कराकर लौटे थे। तीन दिन पहले भी उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें डायबिटीज, बीपी, सांस फूलने के साथ-साथ फेफड़ा में खून जमने की शिकायत भी थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा नेता अपर्णा यादव के आवास पर उनके पति प्रतीक यादव को अंतिम श्रद्धांजलि दी। प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार कल, गुरुवार को दोपहर 12:30 बजे होगा। लखनऊ में कैंट के पिपरा घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारी की गई है। इसी घाट पर प्रतीक की मां साधना गुप्ता का भी अंतिम संस्कार हुआ था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it