Top
Begin typing your search above and press return to search.

पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान, यूरेनियम सप्लाई समेत कई बड़े समझौतों पर बनी सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओलिय दरजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया गया। भारत-उज्बेकिस्तान ने यूरेनियम सप्लाई और रणनीतिक सहयोग समेत कई समझौतों पर सहमति जताई।

पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान, यूरेनियम सप्लाई समेत कई बड़े समझौतों पर बनी सहमति
X
ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओलिय दरजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने यह सम्मान भारत और उज्बेकिस्तान के बीच मैत्री, सहयोग और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में पीएम मोदी के योगदान के लिए प्रदान किया। सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति और वहां की जनता का आभार जताया।

प्रधानमंत्री ने उज्बेकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस की आगामी 35वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव और देशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान इस वर्ष अपनी रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। दोनों देशों ने अब अपने रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया है।

विदेश मंत्री स्तर पर बनेगी समन्वय परिषद

पीएम मोदी ने कहा कि नई साझेदारी के तहत दोनों देश सहयोग के लिए स्पष्ट और ठोस लक्ष्य निर्धारित करेंगे। इसके लिए विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद स्थापित की जाएगी, जो दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सहयोग को दिशा देगी।

इसके अलावा भारत और उज्बेकिस्तान के संयुक्त आयोग का स्तर सचिव से बढ़ाकर मंत्री स्तर करने पर भी सहमति बनी है। दोनों देशों के कारोबारी नेताओं को साथ लाने के लिए एक संयुक्त बिजनेस समिट आयोजित करने की योजना भी है।

यूरेनियम की दीर्घकालिक सप्लाई पर समझौता

भारत और उज्बेकिस्तान के बीच ऊर्जा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण सहयोग पर सहमति बनी है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों देश यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए व्यवस्था स्थापित करेंगे। इससे भारत की परमाणु ऊर्जा जरूरतों के लिए आपूर्ति सहयोग को मजबूती मिल सकती है।

इसके अलावा तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट समझौतों को भी औपचारिक रूप दिया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि इन समझौतों से मिलने वाले अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए।

न्यू ताशकंद और GIFT City से जुड़ा सहयोग

पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान में विकसित हो रहे ‘न्यू ताशकंद’ और गुजरात की GIFT City का उदाहरण देते हुए दोनों देशों के विकास अनुभव साझा करने पर जोर दिया। भारत उज्बेकिस्तान के एक प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित करेगा, ताकि वह GIFT City जैसी परियोजनाओं में इस्तेमाल तकनीक और बेहतर कार्यप्रणालियों का अध्ययन कर सके।

मिर्जियोयेव ने भारत की तकनीकी उपलब्धियों को सराहा

राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति की प्रशंसा की। उन्होंने डिजिटलाइजेशन, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक मामलों में उसकी आवाज और प्रभाव मजबूत हुआ है।

ताशकंद में दिखी भारत की सांस्कृतिक झलक

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के आतिथ्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ताशकंद में भारतीय तिरंगे के रंगों से की गई सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उन्हें विशेष अपनापन महसूस कराया। बच्चों की प्रस्तुतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें उज्बेकिस्तान में भारत की झलक देखने को मिली।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it