बंगाल में पीएम मोदी ने कार्यकर्ता के छुए पैर, शुभेंदु को लगाया गले, मंच पर हुए दंडवत
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई चर्चित पल देखने को मिले। शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी समारोह स्थल पर मौजूद समर्थकों को दंडवत प्रणाम कर अभिवादन किया।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। आजादी के बाद पहली बार राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई और शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पीएम मोदी ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को दंडवत प्रमाण किया।
शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, क्षुदीराम टुडु, निशिथ प्रमाणिक इन पांच विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली हैं। शुभेंदु ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल में अब सोनार बांग्ला के नए दौर की आधिकारिक शुरुआत हो रही है।
शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूकर लिया आशीर्वाद। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार का अभिनंदन किया और उनसे आशीर्वाद लिया। 98 वर्ष की आयु में भी श्री माखनलाल सरकार स्वतंत्रतोत्तर भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी स्तर के नेताओं में से एक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने मंच पर रखी गई गुरुदेव टैगौर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए।
भाजपा नेता दिलीप घोष शुभेंदु के मंत्रिमंडल में शामिल हो चुके हैं। घोष की बात करें तो वो पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर सदर से चुनाव जीते हैं। उन्होंने सात बार के विधायक ज्ञान सिंह सोहनपाल को हराया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ एनडीए नेता समारोह में मंच पर मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी सहित भाजपा शासित प्रदेशों के सीएम ने इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया।
भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती और पीएम मोदी शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बातचीत करते हुए नजर आए। कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया। पीएम ने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।


