पेपर लीक पर राजनीति नहीं, छात्रों का भविष्य सर्वोपरि; एनडीए बैठक में पीएम मोदी का विपक्ष पर निशाना
एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पेपर लीक पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। छात्रों का भविष्य सर्वोपरि है और सरकार ने नीट मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कदम उठाए हैं।

नई दिल्ली।संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को संसद पुस्तकालय भवन स्थित जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी सहयोगी दलों के सांसदों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संसद के मानसून सत्र की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे और विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से नीट परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि छात्रों के हित किसी भी राजनीति से ऊपर हैं।
'पेपर लीक पर राजनीति नहीं होनी चाहिए'
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पेपर लीक जैसे संवेदनशील मामलों पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना है और इसी उद्देश्य से हर आवश्यक कदम उठाया गया। पीएम मोदी ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और उन्हें राजनीतिक विवादों का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
सरकार ने तुरंत की कार्रवाई
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में सरकार की कार्रवाई का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि घटना सामने आते ही जांच एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई की और मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि प्रभावित छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे, इसलिए नीट पुनर्परीक्षा समय पर आयोजित कराई गई और परिणाम भी बिना अनावश्यक देरी के घोषित किए गए।
किसानों के हितों का भी किया जिक्र
एनडीए सांसदों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिन देशों के साथ भारत ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं, उनमें किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। सरकार का उद्देश्य व्यापार बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय किसानों और कृषि क्षेत्र को भी लाभ पहुंचाना है।
दोषियों को मिले कड़ी सजा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक में शामिल दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कानूनी प्रक्रिया को मजबूत बनाने और दोषियों को कठोर दंड सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ कानूनी विशेषज्ञों के सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


