Top
Begin typing your search above and press return to search.

पीएम मोदी ने लॉन्च किया 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान, बोले- स्वस्थ युवा ही बनाएंगे विकसित भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत की। अभियान के तहत एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशे के खिलाफ संकल्प लिया। अगले 100 रविवार देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पीएम मोदी ने लॉन्च किया नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान, बोले- स्वस्थ युवा ही बनाएंगे विकसित भारत
X
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशव्यापी 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत की। इस अवसर पर देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने नशे के खिलाफ राष्ट्रीय संकल्प लिया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

'नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह अभियान केवल किसी एक व्यक्ति या वर्ग के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश, समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशे जैसी बुराइयों से पूरी तरह मुक्त होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स और अन्य नशे युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को खत्म कर देते हैं। इसलिए हर युवा को इनके खतरों को समझना होगा और दूसरों को भी जागरूक करना होगा।

100 रविवार, 100 मजबूत कदम का लक्ष्य

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 100 रविवार नशामुक्त भारत के निर्माण की दिशा में 100 मजबूत कदम साबित होंगे। उन्होंने बताया कि देशभर के हजारों स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के लाखों छात्र इस अभियान से ऑनलाइन जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि जब कोई प्रयास व्यक्तिगत स्तर से निकलकर जनआंदोलन बन जाता है तो उसकी ताकत कई गुना बढ़ जाती है। यही कारण है कि इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दिया गया है ताकि समाज का हर वर्ग इसमें शामिल हो सके।

ड्रग्स माफिया पर सरकार की सख्ती जारी

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार नशे के कारोबार और ड्रग्स माफिया के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में कई गुना अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं और हजारों करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि योग, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली युवाओं को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही देशभर में मौजूद पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) केंद्रों की मदद लेकर भी नशे की लत से बाहर निकला जा सकता है।

परिवारों से खुलकर संवाद की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि कोई युवा गलती से नशे की गिरफ्त में आ जाता है तो उसे समाज के डर से छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सा और परामर्श उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने की अपील करते हुए कहा कि परिवार का सहयोग किसी भी युवा को नशे की लत से बाहर निकालने में सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।

देशभर में हर रविवार होंगे जागरूकता कार्यक्रम

सरकार के अनुसार, इस अभियान का संचालन MY Bharat के युवा स्वयंसेवकों के नेतृत्व में किया जाएगा। इसके तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, योग एवं ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला प्रतियोगिताएं, परिचर्चाएं और सामुदायिक जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे।

अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों और संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित भी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त भारत का निर्माण करना और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान करना है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it