Top
Begin typing your search above and press return to search.

मुर्शिदाबाद में बरसे पीएम मोदी, कहा- घुसपैठियों की सरकार का अंत तय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंगीपुर रैली में बंगाल की 'सत्ता परिवर्तन' का रोडमैप रखा। उन्होंने टीएमसी पर लेफ्ट के नक्शेकदम पर चलने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और घुसपैठियों की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने सीएए, यूसीसी और महिलाओं की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए 'भय मुक्त बंगाल' का वादा किया है।

मुर्शिदाबाद में बरसे पीएम मोदी, कहा- घुसपैठियों की सरकार का अंत तय
X

मुर्शिदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के जंगीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर हमला बोला है। पीएम मोदी ने साफ लफ्जों में कहा कि बंगाल की जनता अब 'भय' से ऊब चुकी है और 'भरोसे' की ओर बढ़ रही है। घुसपैठियों की सरकार का अंत तय है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में भाजपा चुनाव जीत रही है।

'लेफ्ट की कार्बन कॉपी है TMC'

पीएम मोदी ने कहा कि जो गुंडे और सिंडिकेट पहले वामपंथी दल सीपीआईएम के लिए काम करते थे, वे अब टीएमसी का हिस्सा बन चुके हैं। पीएम ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, 'कट मनी' और कमीशनखोरी का जो खेल लेफ्ट ने शुरू किया था, टीएमसी ने उसे और खतरनाक बना दिया है। हथियारों की तस्करी, ड्रग्स और मवेशी तस्करी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।

बंगाल में बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बंगाल में टीएमसी मां, माटी, मानुष का नारा लगाकर सत्ता में आई थी। लेकिन अब बंगाल में घुसपैठियों द्वारा, घुसपैठियों के वोट से, घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है। बंगाल अब तुष्टीकरण और वोटबैंक के खेल को और बर्दाश्त नहीं करेगा। हम पश्चिम बंगाल में बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे।

शरणार्थियों को नागरिकता की गारंटी-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और तुष्टीकरण की राजनीति को खत्म करने का वादा किया है। उन्होंने विशेष रूप से मतुआ और नामशूद्र समुदायों को संबोधित करते हुए कहा कि आप किसी टीएमसी नेता की दया पर यहां नहीं हैं, आपको भारत का संविधान सुरक्षा देता है। यह मोदी की गारंटी है कि भाजपा सरकार बनते ही सीएए के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।

सिल्क किसानों की बदहाली पर पीएम ने क्या कहा?

मुर्शिदाबाद के प्रसिद्ध सिल्क उद्योग पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी की अनदेखी के कारण यहां के किसानों का भविष्य बर्बाद हो गया है। टीएमसी बंगाल के मूल निवासियों को अल्पसंख्यक बनाने पर तुली है, जिसे भाजपा कभी सफल नहीं होने देगी। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जारी किया गया भाजपा का चुनावी घोषणापत्र, पश्चिम बंगाल में टीएमसी के 'महाजंगलराज' को खत्म करने का एक रोडमैप है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it