Top
Begin typing your search above and press return to search.

आंध्र प्रदेश को मिला नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पीएम मोदी ने भोगपुरम में किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के भोगपुरम में 5,640 करोड़ रुपये की लागत से बने अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। साथ ही 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया।

आंध्र प्रदेश को मिला नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पीएम मोदी ने भोगपुरम में किया उद्घाटन
X
भोगपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अत्याधुनिक अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। लगभग 5,640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा और पर्यटन, व्यापार तथा निवेश को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने राज्य में कई अन्य विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की।

हर साल 60 लाख यात्रियों को मिलेगी सुविधा

भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आधुनिक तकनीक और पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है। एयरपोर्ट की डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल भवन में राज्य के पारंपरिक 'चुट्टिलु' कॉटेज, प्रसिद्ध अराकू वैली और 'फ्लाइंग फिश' की थीम को शामिल किया गया है, जिससे इसे स्थानीय पहचान के अनुरूप आकर्षक स्वरूप दिया गया है।

यह एयरपोर्ट प्रतिवर्ष करीब 60 लाख यात्रियों की आवाजाही को संभालने की क्षमता रखता है। इसके शुरू होने से विशाखापत्तनम और उत्तर आंध्र के अन्य क्षेत्रों में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा और उद्योगों के साथ पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।

17,900 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात

एयरपोर्ट उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और औद्योगिक विकास को गति देना है।

इसी दौरान प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की आधारशिला भी रखी। इससे राज्य देश के सेमीकंडक्टर निर्माण मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगा। वर्तमान में गुजरात, असम और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भी प्रमुख सेमीकंडक्टर परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।

कर्नाटक को भी मिली विकास परियोजनाओं की सौगात

आंध्र प्रदेश के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री का कर्नाटक दौरा भी निर्धारित है। यहां वे मैसूरु स्थित श्रीरामकृष्ण आश्रम में 'विवेक स्मारक' स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। यह स्मारक वर्ष 1892 में स्वामी विवेकानंद की मैसूरु यात्रा की ऐतिहासिक स्मृति को समर्पित है और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का केंद्र बनेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it