पीएम मोदी ने बांटे 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र, 47 शहरों में मेगा शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के तहत 51 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा दे दिया है। उन्होंने युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे दिया है। यह प्रोग्राम देश के 47 शहरों में आयोजित किया गया है।

नई दिल्ली। आज 19वें रोजगार मेले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिए हैं। यह कार्यक्रम देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। चयनित उम्मीदवारों को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग और अन्य केंद्रीय मंत्रालयों में नियुक्ति मिली है, जिससे वे अब सरकारी सेवाओं में अपने नए कार्य की शुरुआत करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अभी 2 दिन पहले ही 5 देशों की यात्रा करके लौटे हैं। इस दौरान उनकी कई बड़ी कंपनियों के नेताओं से बातचीत हुई। उन्होंने महसूस किया कि पूरी दुनिया भारत के प्रभाव और तकनीकी प्रगति को लेकर बहुत उत्साहित है। आज दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है। भारत भी दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ पार्टनरशिप कर रहा है, जिसका उद्देश्य यही है कि भारत के युवाओं को अवसर मिले, रोजगार मिले, उनका सामर्थ्य विकसित हो और साथ ही मैं चाहता हूं कि मेरे देश के नौजवानों को ग्लोबल एक्सपोजर भी मिले।
AI से लेकर ग्रीन टेक्नोलॉजी तक-भारत की प्रगति को मिली नई रफ्तार
इस यात्रा के दौरान नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर, जल (वाटर), कृषि और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चर्चा हुई। स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इनोवेशन पर सहयोग को लेकर कई अहम बातें हुईं। वहीं नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री (मैरीटाइम) सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी, जबकि UAE के साथ रणनीतिक ऊर्जा और तकनीकी साझेदारी पर विस्तार से बातचीत हुई।
इटली के साथ रक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, विज्ञान और तकनीक जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी के समझौते हुए। इन सभी समझौतों का लाभ भारत के युवाओं को मिलने वाला है। ये सभी विषय एक उज्ज्वल, सक्षम और मजबूत भारत के भविष्य की गारंटी लेकर आते हैं।
युवा की ताकत पर करता हूं चर्चा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं दुनिया में जहां भी जाता हूं तो भारत की युवा ताकत की चर्चा करता हूं। मैं एक नए संकल्प की बात करता हूं। 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के तहत देश अलग-अलग सेक्टर में निवेश कर रहा है। इससे युवाओं के रोजगार के लिए लाखों अवसर बन रहे हैं। भविष्य में भारत की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट दुनिया में अपना परचम लहराएगी। इसमें बड़ी संख्या में भारत के नौजवानों की भागीदारी होगी।
युवाओं के सपने हो रहे हैं पूरे
स्वाभाविक है कि इससे युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे। भारत आज शिप बिल्डिंग से लेकर शिप रिपेयरिंग और ओवरहॉलिंग का इको सिस्टम को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। भारत आज एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरर है। ऐसे कई अभियानों पर भारत का पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर मिलकर बहुत बड़ा निवेश कर रहा है। ये निवेश देश के युवाओं को देश के भीतर ही नौकरी मिल रही है और वह अपना सपना पूरा कर रहे हैं।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस है प्राथमिकता
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी होने के नाते आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस देश की कितनी बड़ी प्राथमिकता है। भारत का ग्रोथ स्टोरी में इंफ्रास्ट्रक्टर की बहुत बड़ी भूमिका होती है। जब दूर-दराज के इलाके विकास की रफ्तार से जुड़ते हैं तभी विकास का लाभ लोगों को मिलता है। पिछले 12 सालों में हर लेवल पर काम हुआ है। आज गांवों में भी बदलाव तेजी से दिख रहा है। कनेक्टिविटी बढ़ने से किसानों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए नए रास्ते खुले हैं। करोड़ों नए परिवारों को पक्का मकान मिला है। मेरा स्वच्छता का अभियान मैं कभी लोगों को भूलने नहीं देता हूं।
हजारों अवसर कर रहे हैं इंतजार
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के युवा के पास जिस तरह के मौके हैं, ऐसे मौके पहले उन्हें कभी नहीं मिले हैं। आज सब कुछ बहुत स्पीड से हो रहा है। आज विभिन्न क्षेत्रों में हजारों अवसर हमारा इंतजार कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा युवा नए अवसरों का लाभ उठा सकें। देश के युवाओं को अपनी स्किल और प्रतिभा दिखाने का मौका मिले। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम है। खास बात ये है कि ये बदलाव सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है बल्कि छोटे-छोटे गांवों तक पहुंच गए हैं। इस बदलाव में हमारी नारी शक्ति की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। आज बड़ी संख्या में विमेन लेड स्टार्ट अप शुरू हो रहे हैं। आज गांवों और छोटे शहरों में महिलाएं पहले से ज्यादा अपने दम पर अपना स्टार्ट अप शुरू कर रही हैं।
सरकारी नौकरी आसान बनाती है जीवन
पीएम मोदी ने आगे कहा कि सरकारी नौकरी लोगों के जीवन को आसान बनाने का माध्यम है। आप जिस भी विभाग में काम करेंगे वहां आपके व्यवहार, संवेदनशीलता और काम करने के तरीके का बहुत महत्व होगा। ये जिम्मेदारी आपकी है कि आप अपने काम से, अपने आचरण से, अपनी वाणी से, अपने व्यवहार से भरोसे को और मजबूती देंगे।


