Top
Begin typing your search above and press return to search.

पीएम मोदी की दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की सौगात, मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन कर राजधानी की कनेक्टिविटी को बड़ी सौगात दी।

पीएम मोदी की दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की सौगात, मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi ) ने रविवार को राजधानी नई दिल्ली (New Delhi) में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे और परिवहन से जुड़ी कई अहम योजनाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य दिल्ली में कनेक्टिविटी और सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

प्रधानमंत्री ने करीब 18,300 करोड़ रुपये की दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro Rail Corporation) से जुड़ी परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान दिल्ली मेट्रो के दो नए गलियारों को जनता के लिए समर्पित किया गया। इनमें मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर के बीच 12 किलोमीटर से अधिक लंबा पिंक लाइन कॉरिडोर और दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच लगभग 10 किलोमीटर लंबा मैजेंटा लाइन कॉरिडोर शामिल है।

इन नए कॉरिडोर के शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार का कहना है कि इससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और लोगों की यात्रा अधिक सुगम और तेज बनेगी।

मैजेंटा का हिस्सा भी पूरा, नोएडा तक मिलेगी राहत

दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का हिस्सा है। इसकी लंबाई 9.92 किलोमीटर है। इसमें 7 एलिवेटेड स्टेशन हैं। यह कॉरिडोर पहले से संचालित बोटेनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का विस्तार है। इसके जुड़ने से मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इसके चालू होने से दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क पहुंचना आसान होगा।

दिल्ली की पहली रिंग मेट्रो पूरी, पूर्वी दिल्ली को बड़ी राहत

मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन की लंबाई 12.3 किलोमीटर है। इसके 8 एलिवेटेड स्टेशन हैं। यह कॉरिडोर पहले से चालू मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है। नया कॉरिडोर शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिलेगी। पिंक लाइन का पूरा कॉरिडोर करीब 71.56 किलोमीटर होगी। इस पर मेट्रो चलने से मजलिस पार्क, बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर जैसे इलाके सीधे मेट्रो से जुड़ जाएंगे।

मेट्रो परियोजनाओं की कुल लागत 18,300 करोड़ से अधिक

दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने पिंक लाइन पर मजलिस पार्क–मौजपुर और मैजेंटा लाइन पर दीपाली चौक–मजलिस पार्क सेक्शन पर मेट्रो संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ट्रायल रन के बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) ने यात्रियों के लिए संचालन की मंजूरी दे रखी है। वहीं, दिल्ली मेट्रो के फेज-पांच (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का शिलान्यास भी होना है। इन मेट्रो परियोजनाओं की कुल लागत 18,300 करोड़ रुपये से अधिक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री ने जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के तहत ₹15,200 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ सरोजिनी नगर में जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टर का दौरा किया और महिला आवंटियों को नए फ्लैटों की चाबियां सौंपी। उन्होंने कुछ महिला मजदूरों से भी बातचीत की।

ये परियोजनाएं सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संचालित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य जीपीआरए कॉलोनियों का आधुनिकीकरण करना और सरकारी कर्मचारियों व प्रशासनिक कार्यालयों के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करना है।

महिला दिवस पर पीएम मोदी ने महिलाओं को दी घरों की चाभी

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में सरकारी आवास से जुड़ी बड़ी पहल की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने दक्षिणी दिल्ली के सरोजनी नगर (Sarojini Nagar) में बने नए जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टरों का दौरा किया और महिला लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपकर उन्हें बधाई दी।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने आवंटित फ्लैटों का निरीक्षण भी किया और निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों यानी श्रमजीवी बहनों से बातचीत कर उनके अनुभव भी सुने। यह कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण और सम्मान के प्रतीक के तौर पर आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं को सरकारी आवास का स्वामित्व देकर उन्हें नई शुरुआत का संदेश दिया गया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it