जीडीपी ग्रोथ: 7.8% की रफ्तार से बढ़ी भारतीय अर्थव्यवस्था, पीएम मोदी बोले- दुनिया संकट में, आत्मनिर्भर बनना जरूरी
पीएम मोदी ने भारत की 7.8% जीडीपी ग्रोथ को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने वैश्विक संकट के बीच आत्मनिर्भर भारत, वोकल फार लोकल और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर दिया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर हासिल करने पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो संदेश में कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के संकल्प, मेहनत और सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया कई तरह के संकटों से गुजर रही है। कई क्षेत्रों में युद्ध की स्थिति बनी हुई है, जबकि वैश्विक सप्लाई चेन पर भी इसका असर पड़ा है। कोविड-19 महामारी के बाद दुनिया की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह स्थिर होने में लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद भारत ने तेज आर्थिक विकास दर्ज किया है।
आर्थिक रफ्तार बनाए रखने पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को अब इस विकास दर को बनाए रखने के साथ अपनी आर्थिक गति को और मजबूत करना होगा। उन्होंने देश के भीतर नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिशों पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी के मुताबिक, जब भारत वैश्विक चुनौतियों के बीच आगे बढ़ रहा है, तब कुछ लोग निराशा और गलत सूचनाओं का माहौल बनाने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक ताकत को लगातार बढ़ाने के लिए सरकार और जनता दोनों को मिलकर काम करना होगा।
‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत का मंत्र
पीएम मोदी ने आर्थिक मजबूती के लिए आत्मनिर्भर भारत के अभियान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि घरेलू मांग बढ़ने से देश के उद्योग, कारोबार और रोजगार को मजबूती मिलती है। प्रधानमंत्री ने गैर-जरूरी खर्च और विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने की भी बात कही।
सोना खरीदने को लेकर भी दी सलाह
प्रधानमंत्री ने लोगों से जरूरत नहीं होने पर सोना खरीदने से बचने की अपील की। उन्होंने विदेशों में घूमने और शादी जैसे खर्चों पर भी पुनर्विचार करने का सुझाव दिया। उनके मुताबिक, देश में पैसा और संसाधन जितना अधिक घरेलू अर्थव्यवस्था में इस्तेमाल होंगे, उतनी ही आर्थिक मजबूती बढ़ेगी।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को एक मजबूत और विकसित देश सौंपना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए वर्तमान पीढ़ी को पूरी मेहनत और संकल्प के साथ काम करना होगा।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने 7.8 प्रतिशत विकास दर को नई शुरुआत बताते हुए देशवासियों से आर्थिक प्रगति की इस रफ्तार को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।


