Top
Begin typing your search above and press return to search.

पटना में धनतेरस पर बड़ा एनकाउंटर: पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के तीन आरोपी ढेर, मुठभेड़ में थानेदार भी घायल

पटना के मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। शेरपुर गंगा नदी इलाके में हुई मुठभेड़ में मनेर थानाध्यक्ष घायल हो गए।

पटना में धनतेरस पर बड़ा एनकाउंटर: पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के तीन आरोपी ढेर, मुठभेड़ में थानेदार भी घायल
X
पटना। बिहार की राजधानी पटना में धनतेरस की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में तीन बदमाश मारे गए। यह कार्रवाई मनेर थाना क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में की गई। पुलिस के मुताबिक, मारे गए तीनों आरोपी इस हत्याकांड में शामिल थे। इनमें दो शूटर और एक मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। उन्हें इलाज के लिए पटना भेजा गया है।

यह मुठभेड़ शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे मनेर के शेरपुर गंगा नदी इलाके में हुई। पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से करीब 15 मिनट तक गोलीबारी हुई। पुलिस का दावा है कि अपराधियों ने टीम पर कई राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसमें तीनों बदमाशों को गोली लगी और उनकी मौत हो गई।

तीनों की पहचान, हत्याकांड में थी अहम भूमिका

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या की साजिश और वारदात में शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, सूरज और बबलू ने हत्याकांड में शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव को मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है।

दानापुर-2 के एसडीपीओ एके झा ने बताया कि तीनों अपराधी कई थानों में वांछित थे। पुलिस उन्हें लंबे समय से तलाश रही थी। घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए गए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

दुर्गा अष्टमी की रात पैक्स अध्यक्ष की हुई थी हत्या

दरअसल, मनेर में 19 अक्टूबर की रात पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय वह पिंटू कुमार के साथ अपने दलान पर बैठे हुए थे। तभी दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। दोनों कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने मौके पर करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाई थीं। गोली लगने से संजीत कुमार और पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी थी।

एसएसपी पहुंचे मौके पर, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया और बरामद हथियारों व खोखों को जांच के लिए कब्जे में लिया। एफएसएल की सीनियर साइंटिस्ट अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।

मुठभेड़ में थानाध्यक्ष के घायल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल रही। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पैक्स अध्यक्ष की हत्या के पीछे क्या वजह थी और इस वारदात में इन तीन आरोपियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it