Top
Begin typing your search above and press return to search.

ओडिशा के सरकारी इंजीनियर के कई ठिकानों पर छापेमारी, 5 इमारतें, 14 प्लॉट और 2 करोड़ से ज्यादा नकदी बरामद

ओडिशा में विजिलेंस विभाग की बड़ी कार्रवाई में सरकारी इंजीनियर बैकुंठ नाथ बेहेरा के ठिकानों से 2 करोड़ से ज्यादा नकदी, 5 इमारतें, 14 प्लॉट, सोना और लाखों की जमा राशि बरामद हुई।

ओडिशा के सरकारी इंजीनियर के कई ठिकानों पर छापेमारी,  5 इमारतें, 14 प्लॉट और 2 करोड़ से ज्यादा नकदी बरामद
X

भुवनेश्वर। ओडिशा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी इंजीनियर के ठिकानों से करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा किया है। कंधमाल जिले के बालीगुडा में तैनात असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (एईई) बैकुंठ नाथ बेहेरा के खिलाफ हुई छापेमारी में अधिकारियों को भारी मात्रा में नकदी, बहुमूल्य संपत्तियां और निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। बरामद नकदी की गिनती में अधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

बैंक लॉकरों से मिला करोड़ों का कैश

विजिलेंस विभाग की जांच में बैकुंठ नाथ बेहेरा और उनकी पत्नी के नाम पर चार बैंक लॉकरों का पता चला। इनमें से दो लॉकरों से ही 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार, नोटों की गिनती बैंक मशीनों की सहायता से लगातार जारी रही। प्रारंभिक जांच में यह मामला आय से अधिक संपत्ति का प्रतीत हो रहा है।

पांच आलीशान इमारतें और 14 प्लॉट भी मिले

छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम को पांच बहुमंजिला आलीशान इमारतों और 14 मूल्यवान जमीन के प्लॉटों की जानकारी मिली। इसके अलावा 341 ग्राम सोने के आभूषण और 45 लाख रुपये से अधिक की बैंक जमा राशि भी सामने आई है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम इन संपत्तियों के बाजार मूल्य का आकलन कर रही है। साथ ही निवेश, बैंक खातों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है।

चार शहरों में एक साथ हुई कार्रवाई

यह विशेष अभियान भुवनेश्वर, बारीपदा, जाजपुर जिले के धर्मशाला और कंधमाल के बालीगुडा समेत कई स्थानों पर एक साथ चलाया गया। कार्रवाई के लिए विजिलेंस विभाग ने कई विशेष टीमें गठित की थीं। अभियान में दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), पांच डीएसपी, छह इंस्पेक्टर और अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया। भुवनेश्वर स्थित स्पेशल विजिलेंस कोर्ट से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की गई।

6 हजार रुपये वेतन से शुरू हुआ था करियर

विजिलेंस रिकॉर्ड के मुताबिक, बैकुंठ नाथ बेहेरा ने वर्ष 1999 में नबरंगपुर ब्लॉक में जूनियर इंजीनियर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय उनका मासिक वेतन मात्र 6,000 रुपये था। बाद में उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं और वर्ष 2016 में असिस्टेंट इंजीनियर पद पर पदोन्नति प्राप्त की। इसके बाद उन्हें असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बनाया गया और वर्तमान में उनकी तैनाती बालीगुडा में थी।

रिश्वत लेते पकड़ा गया लाइनमैन

वहीं, विजिलेंस विभाग ने एक अन्य कार्रवाई में कटक जिले के नरसिंहपुर क्षेत्र के लाइनमैन धर्म निरंजन चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक किसान से खराब बिजली के खंभे को बदलने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। विजिलेंस टीम ने उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it