कोलकाता के एनआरएस अस्पताल के टॉयलेट में मिली स्टाफ नर्स की लाश, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला शव
कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्टाफ नर्स रूपाली बर्मन का शव शौचालय से मिला। पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव बरामद किया और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है और मामले की जांच जारी है।
नाइट शिफ्ट के दौरान टॉयलेट गई थी नर्स
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रूपाली बर्मन बुधवार रात करीब 8 बजे अपनी नाइट शिफ्ट के लिए अस्पताल पहुंची थीं। ड्यूटी के दौरान रात करीब 9 से 10 बजे के बीच वह शौचालय गईं। काफी समय बीत जाने के बावजूद जब वह वापस नहीं लौटीं तो सहकर्मियों ने उन्हें आवाज लगाई।
अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर अस्पताल कर्मचारियों को चिंता हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर बरामद किया गया शव
सूचना मिलने पर एंटाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पहले बंद शौचालय के बाहर से आवाज देकर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की। जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा खोला गया और नर्स का शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी फैलने के बाद अस्पताल परिसर में कर्मचारियों और मरीजों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फोरेंसिक टीम करेगी घटनास्थल की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस की फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और नर्स की ड्यूटी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इसके अलावा अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि नर्स की गतिविधियों और घटनाक्रम की पूरी जानकारी मिल सके।
आत्महत्या का सबूत नहीं मिला
कोलकाता पुलिस के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) कुणाल अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस को घटना की जानकारी रात करीब 10:30 बजे मिली थी। उन्होंने बताया कि मृतका अस्पताल के गायनी विभाग में नर्स के तौर पर कार्यरत थीं।
अधिकारी के अनुसार, कोलकाता पुलिस के डीडी होमिसाइड विभाग ने जांच अपने हाथ में ले ली है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।


