नोएडा के हाईराइज सोसायटी के 12वें फ्लोर पर भीषण आग, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
नोएडा सेक्टर-74 स्थित IVY काउंटी सोसायटी की 12वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। दमकल की कई गाड़ियां और हाइड्रोलिक क्रेन मौके पर पहुंचीं। कई लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह नोएडा के सेक्टर-74 स्थित प्रतिष्ठित IVY काउंटी सोसायटी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सोसायटी के एक टावर की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी, जिसके बाद धुएं और आग की लपटों ने आसपास के फ्लैटों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इमारत से घना धुआं निकलता दिखाई दे रहा है, जबकि दमकल कर्मी लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित टावर और उसके आसपास के फ्लैटों को तत्काल खाली करा लिया गया। निवासियों को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित नीचे उतारा गया। प्रशासन को आशंका है कि आग लगने के समय कुछ लोग फ्लैटों में मौजूद हो सकते हैं, हालांकि अभी तक किसी के फंसे होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
यह घटना नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में स्थित IVY काउंटी सोसायटी में हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या बालकनी में रखे किसी विद्युत उपकरण से हादसा होने की जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और यह सुनिश्चित करने की है कि इमारत के भीतर कोई व्यक्ति फंसा न रह जाए। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।


