नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना तय, आज 11.30 बजे करेंगे नामांकन, अमित शाह भी रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। बिहार में अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा। नई सरकार के गठन की प्रक्रिया राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद ही शुरू होगी। जेडीयू नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इसकी पुष्टि कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह 11:30 बजे बिहार विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दो दशक लंबी पारी खेलने के बाद एक बार फिर राज्यसभा सांसद के तौर पर केंद्र की राजनीति में लौट रहे हैं। होली की सुबह से ही नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा थी, जिसे अब उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने मान लिया है। अब बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार के गठन की कवायद राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद शुरू हो जाएगी।
जेडीयू के बड़े नेता और नीतीश सरकार के सबसे कद्दावर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इन बातों की पुष्टि करते हुए कहा है कि नीतीश अपनी मर्जी से राज्यसभा जा रहे हैं। विजय कुमार चौधरी ने जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात के बाद शाम में मीडिया से कहा था कि नीतीश के राज्यसभा जाने को लेकर चर्चा चल रही है, लेकिन इसका फैसला नीतीश कुमार को लेना है। सूत्रों का कहना है कि नीतीश आज यानी 5 मार्च गुरुवार को सुबह 11.30 बजे राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।
नामांकन के वक्त अमित शाह मौजूद रहेंगे
बिहार से राज्यसभा की खाली हो रही 5 सीटों के चुनाव के लिए नामांकन का कल ही आखिरी दिन है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, भाजपा नेता शिवेश राम को भी पर्चा भरना है। राज्यसभा नामांकन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आज पटना आने की खबर है।
नई सरकार के गठन के फार्मूले पर चर्चा होगी
नामांकन के बाद सीएम नीतीश कुमार और एनडीए के अन्य नेताओं के साथ अमित शाह की बैठक हो सकती है। इसी बैठक में नई सरकार के गठन के फार्मूले पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। जेडीयू को दो डिप्टी सीएम के पद मिल सकते हैं। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर चर्चा की गई।
नीतीश कुमार अपनी मर्जी से राज्यसभा जा रहे
बैठक के बाद संजय झा के आवास से बाहर निकलते हुए जदयू नेता विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अपनी मर्जी से राज्यसभा जा रहे हैं। पार्टी की ओर से यही संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि यह फैसला उनका अपना है। इस दौरान विजय कुमार चौधरी ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत की संभावित राजनीतिक एंट्री को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर के बाद बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ गई है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक असर पर सबकी नजर बनी हुई है।
निशांत कुमार बन सकते हैं डिप्टी सीएम
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच उनके इकलौते बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री लेने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। निशांत कुमार अब तक सत्ता की चकाचौंध से दूर एक शांत और लो-प्रोफाइल जीवन जीते रहे हैं। लेकिन बिहार की बदलती सियासत जल्द ही उनके डिप्टी सीएम के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने के संकेत दे रही है। नीतीश कुमार के उलट, निशांत कुमार अब तक लाइमलाइट और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर ही रहे हैं।
हालांकि, मौजूदा राजनीतिक हलचल परिस्थितियां बदलती नजर आ रही हैं। निशांत कुमार एक पढ़े-लिखे और गंभीर व्यक्तित्व वाले शख्स माने जाते हैं। अपनी पिता की तरह वो भी पेशे से एक इंजीनियर हैं। उन्होंने रांची के प्रतिष्ठित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है।


