Top
Begin typing your search above and press return to search.

सीएम के रूप में अपने अंतिम संबोधन में भावुक हुए नीतीश कुमार, कहा- जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नई सरकार को आगे भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी बिहार में विकास की योजनाएं निर्बाध रूप से चलती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में बिहार को विकास की नई दिशा देने की कोशिश की गई और आगे भी राज्य की प्रगति का सिलसिला जारी रहना चाहिए।

सीएम के रूप में अपने अंतिम संबोधन में भावुक हुए नीतीश कुमार, कहा- जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया
X

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैबिनेट की बैठक के दौरान भावुक नजर आए। बैठक में करीब 6 मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने वर्ष 2005 से अब तक अपने कार्यकाल का जिक्र किया और कहा कि जब वे सरकार में आए, तब से अब तक जहां तक मुझसे हो सका, मैंने बिहार के लिए किया।

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नई सरकार को आगे भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी बिहार में विकास की योजनाएं निर्बाध रूप से चलती रहेंगी।

अपने काम और योजनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं और विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बिहार को विकास की नई दिशा देने की कोशिश की गई और आगे भी राज्य की प्रगति का सिलसिला जारी रहना चाहिए।

नई सरकार को दी शुभकामनाएं

नीतीश कुमार ने नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की जनता के हित में काम होता रहना चाहिए। उनके शब्दों और भाव से साफ झलक रहा था कि वे इस मौके पर भावुक थे। कैबिनेट बैठक में मौजूद मंत्रियों और अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री के संबोधन को गंभीरता और सम्मान के साथ सुना।

राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन को लेकर सियासी गलियारों में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। कैबिनेट बैठक के बाद कई मंत्रियों और विधायकों ने नीतीश कुमार के योगदान को याद करते हुए उन्हें बिहार का मार्गदर्शक बताया। राज्य मंत्री लेशी सिंह ने कहा, 'आज का दिन भावनात्मक भी है और गर्व का भी। हम 1995 से नीतीश कुमार के साथ हैं। उनके साथ काम करना हमारे लिए सौभाग्य रहा है।'

‘सब भावुक थे, कैबिनेट में हर किसी की आंखें नम रहीं'

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का संबोधन बेहद भावुक था। उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के सदस्यों और राज्य की जनता के प्रति आभार जताया। यह क्षण भावुक था। आज हर कोई भावुक है। नीतीश कुमार जी ने बिहार के लिए जो किया, वह कोई और नहीं कर सका।'

‘नई सरकार को भी देते रहेंगे मार्गदर्शन'

कैबिनेट बैठक के बाद बीजेपी विधायक लाखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया है कि वे आगे भी सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे। उन्होंने कहा, 'नीतीश कुमार जी ने भरोसा दिलाया है कि जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। आज का पल भावुक और खुशी भरा दोनों था। कैबिनेट भंग नहीं हुई है।'

‘बिहार उन्हें हमेशा याद रखेगा'

बिहार सरकार में मंत्री और जदयू विधायक मोहम्मद जमा खान ने कहा, 'बिहार की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी। उन्होंने वादा किया है कि वे आगे भी बिहार की चिंता करते रहेंगे। आज हम सभी भावुक थे। वह हमारे अभिभावक रहे हैं।' कैबिनेट बैठक के बाद नेताओं के बयानों से साफ है कि नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर और बिहार के विकास में उनकी भूमिका को लेकर सभी दलों में भावनात्मक सम्मान का माहौल है।

नीतीश कुमार ने ली अंतिम कैबिनेट बैठक

बता दें कि बिहार में अब नई सरकार के गठन का काउंटडाउन शुरू हो गया है। एनडीए विधायक दल की बैठक से पहले नीतीश कुमार ने अंतिम कैबिनेट बैठक ली जिसके बाद इसे भंग करने की सिफारिश कर दी गई है। नीतीश कुमार आज दोपहर 3:15 बजे इस्तीफा देंगे। नीतीश कैबिनेट बैठक के बाद अपने पटना स्थित आवास वापस लौट आए हैं।

सभी मंत्रियों का आभार व्यक्त किया

नीतीश कुमार ने आज 11:30 बजे अपने सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की। नीतीश कुमार मंत्रिमंडल बैठक के बाद अपने आवास लौट गए। यह बैठक मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट बैठक थी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों का आभार व्यक्त किया। इस बैठक में कोई भी एजेंडा पास नहीं किया गया और इसके बाद होने वाली प्रेस ब्रीफिंग भी रद्द कर दी गई।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it