Top
Begin typing your search above and press return to search.

नेपाल की बाढ़ में बहकर आया बैंक लॉकर, 92 लाख कैश पर टूट पड़े लोग; 29 गिरफ्तार

नेपाल की भीषण बाढ़ में बहकर आए बैंक लॉकर से 92.68 लाख नेपाली रुपये निकालने के आरोप में 29 लोग गिरफ्तार हुए हैं। शव से सोने की बालियां चोरी करने के आरोप में दो अन्य लोग भी पकड़े गए।

नेपाल की बाढ़ में बहकर आया बैंक लॉकर, 92 लाख कैश पर टूट पड़े लोग; 29 गिरफ्तार
X

नई दिल्ली। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ से मची तबाही के बीच चोरी और लूट की घटनाओं ने लोगों को हैरान कर दिया है। रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र से बाढ़ के पानी में बहकर आया एक बैंक लॉकर धादिंग जिले में त्रिशूली नदी के किनारे मिला। आरोप है कि कुछ लोगों ने लॉकर तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। मामले में नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 29 लोगों को हिरासत में लिया है।

बाढ़ में बहकर त्रिशूली नदी तक पहुंचा लॉकर

जानकारी के मुताबिक, रसुवा के भोटेकोशी क्षेत्र में बाढ़ के तेज बहाव में बैंक की एक भारी तिजोरी बह गई थी। पानी के साथ बहता हुआ यह लॉकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 में बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे पहुंच गया।

स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर लॉकर को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालनी शुरू कर दी। इसकी सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया।

92.68 लाख नेपाली रुपये बरामद

पुलिस ने मौके से 29 लोगों को हिरासत में लिया और उनके पास से 92,68,505 नेपाली रुपये बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए अधिकांश लोग गल्छी-4 के मास्टर गांव के रहने वाले हैं। कुछ आरोपी गल्छी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमटार से भी बताए जा रहे हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लॉकर किस बैंक का था और उसमें कितनी रकम मौजूद थी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि नकदी निकालने की घटना में हिरासत में लिए गए लोगों के अलावा कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

बाढ़ में बहकर आए शव से भी चोरी

आपदा के बीच चोरी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। नारायणी नदी के पास बाढ़ के पानी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बताया गया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।

नेपाल में 626 लोगों की मौत, 2,426 लापता

नेपाल आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के मुताबिक, बाढ़ और आपदा से अब तक 626 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं लापता लोगों की संख्या बढ़कर 2,426 हो गई है। इनमें 517 विदेशी नागरिक भी शामिल बताए गए हैं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ लापता लोगों की तलाश में जुटा है। आपदा के बाद बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है और कई इलाकों में संपर्क बहाल करने की कोशिश की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it