Top
Begin typing your search above and press return to search.

नीट-यूजी री-एग्जाम 2026: अब व्हाट्सएप पर मिलेगी हर अपडेट, एनटीए ने शुरू किया आधिकारिक चैनल

NEET UG 2026 Re-Exam के लिए एनटीए ने आधिकारिक व्हाट्एप चैनल लॉन्च किया है। अब छात्रों को एडमिट कार्ड, परीक्षा अपडेट और महत्वपूर्ण जानकारी सीधे WhatsApp पर मिलेगी। एनटीए ने फर्जी पेपर लीक दावों को भी खारिज किया।

नीट-यूजी री-एग्जाम 2026: अब  व्हाट्सएप पर मिलेगी हर अपडेट, एनटीए ने शुरू किया आधिकारिक चैनल
X
नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक नई सुविधा शुरू की है। परीक्षा से जुड़ी अफवाहों, फर्जी सूचनाओं और दुष्प्रचार पर रोक लगाने के उद्देश्य से एनटीए ने अपना आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल लॉन्च किया है। इसके जरिए उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र, जरूरी निर्देश और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट सीधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

छात्रों तक सीधे पहुंचेगी आधिकारिक जानकारी

एनटीए ने बताया कि परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाएं अब सत्यापित WhatsApp नंबर +91-7827980287 से भेजी जाएंगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि किसी भी संदेश पर भरोसा करने से पहले ब्लू टिक और NTA के आधिकारिक नाम की पुष्टि अवश्य करें।

एजेंसी के अनुसार, इस पहल का मकसद छात्रों को गलत सूचनाओं से बचाना और उन्हें समय पर प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है।

20 लाख से ज्यादा छात्रों ने डाउनलोड किए एडमिट कार्ड

एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए अब तक 20 लाख से अधिक अभ्यर्थी अपने नए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं।

जिन उम्मीदवारों ने पहले ही प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिया है, उन्हें दोबारा डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है। फिलहाल एसएमएस, ई-मेल और WhatsApp के जरिए केवल उन्हीं छात्रों को सूचना भेजी जा रही है, जिन्होंने अभी तक अपना नया एडमिट कार्ड प्राप्त नहीं किया है।

पुराने एडमिट कार्ड नहीं होंगे मान्य

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा के लिए जारी किए गए पुराने एडमिट कार्ड पुनर्परीक्षा में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

दरअसल, परीक्षा रद्द होने के बाद उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र बदलने का विकल्प दिया गया था। बड़ी संख्या में छात्रों ने अपने पसंदीदा शहरों और केंद्रों का चयन किया है। इसी कारण नए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं।

SMS और ई-मेल की पहचान कैसे करें?

एनटीए के मुताबिक, आधिकारिक एसएमएस केवल “NICPEP” सेंडर आईडी से भेजे जाएंगे। वहीं ई-मेल सिर्फ [email protected] से प्राप्त होंगे।

अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है। किसी भी अनजान लिंक या वेबसाइट से बचने को कहा गया है।

WhatsApp चैनल पर जवाब नहीं दे सकेंगे छात्र

एनटीए ने साफ किया है कि WhatsApp सुविधा केवल ब्राडकास्ट चैनल के रूप में काम करेगी। इस चैनल पर उम्मीदवार कोई जवाब नहीं भेज सकेंगे और न ही उनसे OTP, बैंक विवरण या किसी प्रकार का भुगतान मांगा जाएगा।

यदि कोई व्यक्ति या संदेश NTA के नाम पर निजी जानकारी मांगता है, तो उसे फर्जी माना जाए।

पेपर लीक के दावे निराधार: NTA

इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे कथित पेपर लीक दावों पर NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी दावे पूरी तरह भ्रामक और फर्जी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रश्न-पत्र तैयार करने, अनुवाद, प्रिंटिंग, परिवहन और स्टोरेज तक हर चरण में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, अर्धसैनिक बलों, डाक विभाग और राज्य पुलिस के सहयोग से परीक्षा की निगरानी की जा रही है।

एनटीए का दावा है कि देशभर के 5,000 से अधिक और विदेशों के 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से आयोजित कराई जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it