Top
Begin typing your search above and press return to search.

NEET Exam 2026: क्या लेकर जाएं, क्या पहनें? परीक्षा केंद्र जाने से पहले जान लें सभी जरूरी नियम

NEET Exam 2026 में शामिल होने वाले 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए जरूरी गाइड। जानें एडमिट कार्ड, ड्रेस कोड, रिपोर्टिंग टाइम, जरूरी दस्तावेज, प्रतिबंधित वस्तुएं और परीक्षा केंद्र के सभी नियम।

NEET Exam 2026: क्या लेकर जाएं, क्या पहनें? परीक्षा केंद्र जाने से पहले जान लें सभी जरूरी नियम
X

नई दिल्ली। NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा में देशभर के 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए होने वाली यह परीक्षा छात्रों के भविष्य से जुड़ी होती है। ऐसे में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि परीक्षा दिवस के नियमों की जानकारी भी बेहद जरूरी है। कई बार उम्मीदवार अच्छी तैयारी के बावजूद ड्रेस कोड या दस्तावेजों से जुड़ी छोटी गलतियों के कारण परेशानी में पड़ जाते हैं।

समय से पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी। हालांकि उम्मीदवारों को सुबह 11 बजे से ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चल सकती है।

ड्रेस कोड का रखें विशेष ध्यान

एनटीए ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया है। पुरुष अभ्यर्थियों को हल्के रंग की आधी बांह की शर्ट या टी-शर्ट और साधारण पैंट पहनने की सलाह दी गई है। फुल स्लीव्स, जैकेट, हुडी, बड़े बटन या भारी डिजाइन वाले कपड़े पहनने से बचना होगा।

महिला अभ्यर्थी साधारण सलवार-सूट, कुर्ती या हाफ स्लीव्स टॉप पहन सकती हैं। भारी कढ़ाई, ब्रॉच, फैशन एक्सेसरीज या अधिक परत वाले कपड़ों की अनुमति नहीं होगी।

जूते और आभूषण पर भी प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र में केवल साधारण चप्पल या खुली सैंडल पहनकर आने की अनुमति है। बंद जूते, बूट और हाई हील फुटवियर प्रतिबंधित रहेंगे।

इसके अलावा अंगूठी, चेन, झुमके, ब्रेसलेट, नाक की लौंग, धातु वाले हेयर क्लिप और अन्य आभूषण पहनकर आने से बचना चाहिए।

ये दस्तावेज जरूर साथ रखें

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेज है। इसके साथ अभ्यर्थियों को निर्धारित फोटोयुक्त पहचान पत्र भी साथ रखना होगा। आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होंगे।

इसके अलावा एडमिट कार्ड के साथ डाउनलोड किया गया प्रोफॉर्मा, पासपोर्ट साइज फोटो और जरूरत पड़ने पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी साथ रखना अनिवार्य है।

कौन-कौन सी चीजें ले जाने की अनुमति

उम्मीदवार केवल एडमिट कार्ड, पहचान पत्र, आवश्यक दस्तावेज और पारदर्शी पानी की बोतल ही परीक्षा कक्ष में ले जा सकेंगे। अन्य सभी वस्तुओं पर प्रतिबंध रहेगा।

इन सामानों को भूलकर भी न ले जाएं

मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, कैमरा, पर्स, हैंडबैग, बेल्ट, गॉगल्स और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।

इसके अलावा ज्योमेट्री बॉक्स, स्केल, नोट्स, किताबें, राइटिंग पैड, खाने-पीने का सामान और अन्य निजी वस्तुएं भी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा हॉल में इन नियमों का करें पालन

प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच और सुरक्षा जांच की जाएगी। उम्मीदवारों को निर्धारित सीट पर ही बैठना होगा। रफ वर्क केवल प्रश्न पुस्तिका में करना होगा, जबकि ओएमआर शीट पर किसी प्रकार का अतिरिक्त निशान नहीं लगाया जा सकता।

एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी अफवाह या सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से जारी सूचनाओं को ही सही मानें।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it