एनडीए में जाएगी शरद पवार की पार्टी? पीएम मोदी से मिले 8 सांसद, 15 मिनट की बैठक में क्या हुआ
पीएम मोदी से एनसीपी-एसपी के आठ सांसदों की 15 मिनट की मुलाकात के बाद एनडीए में शामिल होने की अटकलें तेज हुईं। पार्टी ने गठबंधन बदलने की संभावना से इनकार किया।

नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी एनसीपी-एसपी के सांसदों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में अटकलों का दौर तेज हो गया है। सोमवार को सुप्रिया सुले के नेतृत्व में पार्टी के आठ लोकसभा सांसदों ने पीएम मोदी से मुलाकात की। करीब 15 मिनट चली इस बैठक में महाराष्ट्र के किसानों, सूखे और विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब संसद में परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। एनसीपी-एसपी फिलहाल विपक्षी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। ऐसे में पीएम मोदी से पार्टी सांसदों की मुलाकात को लेकर सवाल उठने लगा कि क्या शरद पवार गुट एनडीए के करीब जा रहा है।
विकास के मुद्दों पर हुई बातचीत
सुप्रिया सुले ने कहा कि संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल रही है, इसलिए अपने निर्वाचन क्षेत्रों और महाराष्ट्र से जुड़े लंबित मुद्दों को सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखना जरूरी था। पार्टी सांसदों ने बैठक को विकास केंद्रित बताया और कहा कि इसमें किसी तरह की राजनीतिक बातचीत नहीं हुई।
बैठक में मराठवाड़ा के सूखाग्रस्त इलाकों के लिए विशेष राहत पैकेज, किसानों के लिए फसल बीमा योजना में सुधार और प्याज की कीमतों से जुड़े मुद्दे उठाए गए। सांसदों ने उजनी बांध से मांजरा बांध तक पानी पहुंचाने की मांग भी रखी।
इसके अलावा नासिक-पुणे हाई-स्पीड रेलवे, पुणे-नासिक मेट्रो, छत्रपति संभाजीनगर में पीएम गति शक्ति परियोजनाओं और कल्याण-मुरबाड रेलवे लाइन के काम में तेजी लाने की मांग की गई।
समाज सुधारकों को भारत रत्न की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, लोकशाहीर अन्नाभाऊ साठे और राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग भी प्रधानमंत्री के सामने रखी।
सांसदों ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का नाम डी.बी. पाटिल के नाम पर रखने के महाराष्ट्र सरकार के प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। इसके अलावा कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पीएम केयर्स फंड से मिलने वाली सहायता बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया गया।
एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर क्या बोली पार्टी?
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद NCP-SP सांसद बजरंग सोनावणे ने NDA में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी विपक्ष में है और विपक्ष में ही रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए सत्ता पक्ष के नेताओं से मुलाकात को राजनीतिक गठबंधन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
परिसीमन विधेयक को लेकर भी पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट किया है। NCP-SP नेताओं के मुताबिक, विधेयक का अंतिम मसौदा सामने आने के बाद ही पार्टी अपना रुख तय करेगी। पार्टी ने यह भी कहा कि वह विपक्षी गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है।


