Top
Begin typing your search above and press return to search.

मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी प्रदर्शन को लेकर तनाव, गेट नंबर 6 पर भारी सुरक्षा; जुटने लगे समर्थक

मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस ने अनुमति नहीं दी है, जबकि अभिजीत दीपके आंदोलन पर अड़े हैं।

मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी प्रदर्शन को लेकर तनाव, गेट नंबर 6 पर भारी सुरक्षा; जुटने लगे समर्थक
X

मुंबई। गांधी जयंती के मौके पर मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा घेरे में है। CJP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपने आंदोलन की शुरुआत शिवाजी पार्क से करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन शाम 4 बजे गेट नंबर 6 के पास प्रस्तावित है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद CJP संस्थापक अभिजीत दीपके और संगठन के समर्थक आंदोलन पर अड़े हुए हैं।

शिवाजी पार्क के आसपास कड़ी सुरक्षा

प्रदर्शन की घोषणा के बाद शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और मैदान के प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। दादर रेलवे स्टेशन के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। अधिकारियों की कोशिश है कि बिना अनुमति बड़ी संख्या में लोग मैदान के भीतर प्रवेश न कर सकें।

मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन के लिए अनुमति देने से इनकार करते हुए शिवाजी पार्क से जुड़े प्रतिबंधों, शांत क्षेत्र और पहले के न्यायिक निर्देशों का हवाला दिया है। पुलिस ने आयोजकों को वैकल्पिक स्थल पर प्रदर्शन करने का सुझाव भी दिया था।

सीजेपी बोली- शिवाजी पार्क में ही होगा आंदोलन

पुलिस की आपत्ति के बावजूद CJP ने अपना कार्यक्रम बदलने से इनकार किया है। अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन को ‘जेल भरो आंदोलन’ का रूप देने की घोषणा की है। उनका कहना है कि पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद आंदोलन शिवाजी पार्क में ही शुरू किया जाएगा।

दीपके ने गुरुवार को मुंबई प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उनका आंदोलन आगे मुंबई से बाहर भी फैलाया जाएगा। CJP ने गोवा, बेंगलुरु और कोलकाता समेत अन्य शहरों में भी आंदोलन की योजना की बात कही है।

स्थानीय लोगों ने जताई असुविधा की चिंता

शिवाजी पार्क के आसपास रहने वाले कुछ स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन से होने वाली संभावित असुविधा पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इलाके में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पार्क का इस्तेमाल करते हैं और आसपास स्कूल तथा अस्पताल भी हैं। ऐसे में बड़े जमावड़े से यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

पिछले दिनों शिवाजी पार्क में CJP सदस्यों और कुछ स्थानीय लोगों के बीच प्रदर्शन को लेकर बहस भी हुई थी। घटना के दौरान प्रदर्शन का विरोध करते हुए CJP सदस्यों को वहां से जाने के लिए कहा गया था।

अभिजीत दीपके का अभियान जारी

प्रदर्शन से पहले दीपके समर्थकों को जुटाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने चेंबूर के आंबेडकर छात्रावास में छात्रों से मुलाकात की और आंदोलन में समर्थन की अपील की। वहीं, गायक और संगीतकार विशाल ददलानी ने भी CJP के प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए आंदोलन के समर्थन की बात कही है।

सीजेपी की तीन प्रमुख मांगें

सीजेपी की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और उनके खिलाफ कार्रवाई, मतदाता सूची के एसआइआर पर रोक तथा जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने की मांग शामिल है। संगठन 2023 के निर्वाचन आयुक्त नियुक्ति कानून को बदलकर नागरिक समाज की भागीदारी वाली पारदर्शी व्यवस्था बनाने की भी मांग कर रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it