Top
Begin typing your search above and press return to search.

66 किलो सोना, 335 किलो चांदी और 703 करोड़ का बीमा, ये हैं मुंबई के सबसे अमीर गणपति बप्पा

मुंबई के GSB सेवा मंडल के महागणपति को 66 किलो सोने और 335 किलो चांदी से सजाया गया है। बप्पा और आयोजन का 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कराया गया है।

66 किलो सोना, 335 किलो चांदी और 703 करोड़ का बीमा, ये हैं मुंबई के सबसे अमीर गणपति बप्पा
X
मुंबई। मायानगरी मुंबई में गणेशोत्सव की बात हो तो सबसे पहले लालबागचा राजा का नाम सामने आता है। लेकिन शहर में एक और गणपति दरबार है, जिसकी भव्यता और आस्था हर साल लोगों का ध्यान खींचती है। किंग्स सर्कल स्थित GSB सेवा मंडल के महागणपति को इसी वजह से ‘मुंबई का सबसे अमीर बप्पा’ कहा जाता है। इस बार बप्पा 66 किलो शुद्ध सोने और 335 किलो चांदी के आभूषणों से सजे हैं।

66 किलो सोना और 335 किलो चांदी से सजे बप्पा

GSB सेवा मंडल इस वर्ष अपना 72वां गणेशोत्सव मना रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में महागणपति की प्रतिमा को बेहद कीमती आभूषणों से सजाया गया है। सोने और चांदी के इन आभूषणों में श्रद्धालुओं की आस्था और वर्षों पुरानी परंपरा की झलक दिखाई देती है।

बप्पा के बहुमूल्य आभूषणों और आयोजन की सुरक्षा के लिए मंडल ने 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया है। इस बीमा में केवल आभूषण ही शामिल नहीं हैं, बल्कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु, स्वयंसेवक और पूरा आयोजन भी कवर किया गया है।

विदेशों से पहुंचते हैं एनआरआई सेवादार

जीएसबी गणपति की एक खास बात यह भी है कि उनकी सेवा के लिए विदेशों में रहने वाले NRI सेवादार भी मुंबई पहुंचते हैं। पूरा आयोजन बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की मदद से संचालित होता है। मंडल के अनुसार यहां एक लाख से ज्यादा विशेष पूजा-अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं।

यहां तुलादान की परंपरा भी काफी प्रसिद्ध है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु अपने वजन के बराबर वस्तु या दान अर्पित करते हैं। आयोजन के दौरान दो लाख से अधिक भक्तों को भोजन-प्रसादम कराने की व्यवस्था भी की जाती है।

72 साल में तैयार हुआ सोने-चांदी का खजाना

बप्पा पर नजर आने वाला 66 किलो सोना और 335 किलो चांदी किसी एक व्यक्ति या उद्योगपति का योगदान नहीं है। यह संग्रह पिछले करीब सात दशकों में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए आभूषणों और दान से तैयार हुआ है।

1950 के दशक में शुरू हुई इस परंपरा के तहत भक्त मन्नत पूरी होने पर सोने के सिक्के, चेन, कंगन और हार जैसे आभूषण अर्पित करते रहे। समय के साथ भारत के अलावा विदेशों में बसे गौड़ सारस्वत समुदाय और अन्य श्रद्धालु भी इससे जुड़ते गए।

नेता, अभिनेता और उद्योगपति भी पहुंचते हैं

GSB सेवा मंडल का गणेशोत्सव अब मुंबई की धार्मिक पहचान का हिस्सा बन चुका है। हर साल नेता, अभिनेता, उद्योगपति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार अभिनेता मनोज जोशी भी बप्पा के दरबार में पहुंचे।

धार्मिक आयोजन के अलावा मंडल सालभर शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं, जरूरतमंदों की आर्थिक मदद और अन्नदान जैसे सामाजिक कार्य भी करता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it