Top
Begin typing your search above and press return to search.

टेंपो चालक की लापरवाही से मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण हादसा; 13 लोगों की मौत, 20 घायल

पालघर जिले में हुए भीषण हादसे में कंटेनर और टेंपो के नीचे दबने से 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाडी स्थित वेदांता अस्पताल में जारी है। पुलिस के मुताबिक टेंपो में 30 से 40 लोग सवार थे।

टेंपो चालक की लापरवाही से मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण हादसा; 13 लोगों की मौत, 20 घायल
X

पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यह हादसा धाणीवरी इलाके के पास हुआ, जहां बारातियों से भरे टेंपो और एक तेज रफ्तार कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

बारातियों से भरे टेंपो पर पलटा कंटेनर

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट के आसपास यह हादसा हुआ। बारातियों से भरा टेंपो दहानू के बापू गांव से धाणीवरी में एक शादी समारोह में जा रहा था। जैसे ही यह वाहन धाणीवरी इलाके के पास पहुंचा, तभी सामने से गुजरात की ओर से मुंबई जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर बारातियों से भरे टेंपो पर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कई लोगों की मौके पर ही हुई मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे मलबे और घायल लोगों को देखकर वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

हादसे पर सीएम फडणवीस ने जताया दुख

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'यह बेहद दुखद है कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में एक दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जब एक टेम्पो की टक्कर एक कंटेनर से हो गई। इस घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन सभी के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'इस घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं।

उन्हें कासा के उप-जिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मैं जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर मौजूद थे। वहां बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों की हालत में शीघ्र सुधार हो। राज्य सरकार इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।'


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it