Top
Begin typing your search above and press return to search.

13 साल से कम उम्र के बच्चों लिए व्हाट्सएप लाएगा नया फीचर, माता-पिता के पास होगा अकाउंट का कंट्रोल

व्हाट्सएप 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए एक नया फीचर ला रहा है। इसके जरिए माता-पिता अपने बच्चों के अकाउंट को कंट्रोल कर सकेंगे। यह कदम बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूती देने के लिए उठाया गया है।

13 साल से कम उम्र के बच्चों लिए व्हाट्सएप लाएगा नया फीचर, माता-पिता के पास होगा अकाउंट का कंट्रोल
X

नई दिल्ली। व्हाट्सएप 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए एक नया फीचर ला रहा है। इसके जरिए माता-पिता अपने बच्चों के अकाउंट को कंट्रोल कर सकेंगे। यह कदम बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूती देने के लिए उठाया गया है।

लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp जल्द ही बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक नया फीचर लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। व्हाट्सएप जल्द ही 'पैरेंट मैनेज्ड अकाउंट' नाम का एक फीचर जोड़ने पर विचार कर रहा है। इस फीचर का उद्देश्य बच्चों के लिए वाट्सएप को अधिक सुरक्षित बनाना है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सिस्टम खास तौर पर 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए डिजाइन किया जा रहा है। इसके तहत बच्चों का व्हाट्सएप अकाउंट उनके माता-पिता के अकाउंट से लिंक किया जाएगा, जिससे पैरेंट्स बच्चों की व्हाट्सएप गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।

पैरेंट्स तय करेंगे बच्चे किससे बात करेंगे

इस नए फीचर के आने के बाद माता-पिता को कई तरह के कंट्रोल मिलेंगे। वे यह तय कर पाएंगे कि बच्चे को कौन-कौन मैसेज भेज सकता है, किन लोगों को कॉन्टैक्ट लिस्ट में रखा जा सकता है और बच्चे को किन ग्रुप्स में जोड़ा जा सकता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चे सुरक्षित माहौल में मैसेजिंग कर सकें और अनजान लोगों के संपर्क में न आएं।

बच्चों के अकाउंट में नहीं मिलेंगे ये फीचर्स

WhatsApp के इस सिस्टम में बच्चों के अकाउंट पर कुछ सीमाएं भी लगाई जाएंगी। रिपोर्ट के अनुसार बच्चों को एप के कुछ एडवांस फीचर्स इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। इनमें स्टेटस अपडेट फीचर, चैनल्स और मेटा एआई से जुड़े फीचर्स शामिल नहीं होंगे।

संदिग्ध मैसेज पर भी रहेगा कंट्रोल

इस नए सिस्टम में कुछ अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स भी दिए जा सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति से मैसेज आता है तो उसे अलग फोल्डर में भेज दिया जाएगा। माता-पिता इन मैसेज को देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उस व्यक्ति को ब्लॉक भी कर पाएंगे।

क्यों जरूरी है ऐसा फीचर

आजकल कम उम्र के बच्चे भी तेजी से स्मार्टफोन और इंटरनेट का इस्तेमाल करने लगे हैं। ऐसे में उनकी ऑनलाइन सुरक्षा एक बड़ी चिंता बनती जा रही है।

WhatsApp का यह कदम माता-पिता को यह भरोसा देने की कोशिश है कि उनके बच्चे एप का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इस फीचर को धीरे-धीरे रोलआउट करेगी और आने वाले महीनों में इसे अलग-अलग देशों में उपलब्ध कराया जा सकता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it