तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 16 लोगों की मौत, कई घायल
तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, छह अन्य लोग घायल हुए हैं। यह हादसा विरुधुनगर के करीब कट्टानरपट्टी में हुआ है।

विरुधुनगर। तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, छह अन्य लोग घायल हुए हैं। यह हादसा विरुधुनगर के करीब कट्टानरपट्टी में हुआ है। शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चलता है कि विस्फोट जिले के कट्टानरपाट्टी गांव के एक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ। अब आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। छह घायल व्यक्तियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। घटनास्थल से आई तस्वीरों में नजर आ रहा आ रहा है कि लोग धमाके की जगह पर जुटी हुईं। वहीं, अग्निशमन विभाग के अधिकारी मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। बता दें कि तमिलनाडु पटाखा निर्माण का एक मुख्य केंद्र है। यहां पर पिछले कुछ साल में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
मामले की जांच के आदेश
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती आशंका है कि यह हादसा पटाखा निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ हो सकता है। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
क्या हुआ था हादसे के वक्त?
फैक्ट्री में विस्फोट उस समय हुआ जब कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक हुए धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैल गई और कई लोग अंदर ही फंस गए। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और बचाव अभियान चलाया।
राहत और बचाव कार्य कैसे चल रहा है?
फायर और रेस्क्यू विभाग के अनुसार, अब तक कई शव बरामद किए जा चुके हैं और बाकी लोगों को खोजने का काम जारी है। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है कि विस्फोट कैसे हुआ।
हादसे पर मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कहा, विरुधुनगर जिले के कट्टनापट्टी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों की मौत की दुखद खबर अत्यंत पीड़ादायक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैंने माननीय मंत्रियों के. के. एस. एस. आर. रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु से तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने, उनकी निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने का अनुरोध किया है। घटना की जानकारी मिलते ही मैंने जिला कलेक्टर से बात की है और सभी जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


