Top
Begin typing your search above and press return to search.

भीख मांगकर गुजारा करने वाली बुजुर्ग महिला के घर से मिलीं नोटों से भरी 30 से ज्यादा बोरियां, देखकर दंग रह गए लोग

कर्नाटक के मांड्या में भीख मांगकर गुजारा करने वाली बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके घर से 30 से ज्यादा बोरियों में नकदी मिली। शुरुआती गिनती में 8-9 लाख रुपये मिले।

भीख मांगकर गुजारा करने वाली बुजुर्ग महिला के घर से मिलीं नोटों से भरी 30 से ज्यादा बोरियां, देखकर दंग रह गए लोग
X

बेंगलुरु। कर्नाटक के मांड्या जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। यहां लंबे समय से भीख मांगकर जीवन गुजार रही एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके छोटे से किराए के कमरे से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि कमरे में 30 से अधिक बोरियों में 10, 20 और 50 रुपये के नोट भरे हुए थे। शुरुआती गिनती में ही करीब 8 से 9 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई है।

बहन की मौत के बाद अकेली रह रही थी महिला

मामला मांड्या के गुथालू इलाके का बताया जा रहा है। यहां हूर उन्निसा नाम की बुजुर्ग महिला अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी। दोनों बहनों ने शादी नहीं की थी और कथित तौर पर भीख मांगकर अपना गुजारा करती थीं।

करीब दो साल पहले हूर उन्निसा की बहन की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह इसी मकान में अकेली रहने लगी। उम्र बढ़ने और बीमारी के चलते हाल ही में हूर उन्निसा की भी मौत हो गई।

घर में रखी बोरियां खुलीं तो सामने आया नकदी का ढेर

महिला की मृत्यु के बाद स्थानीय लोग अंतिम संस्कार और घर की व्यवस्था के लिए कमरे में पहुंचे। वहां उन्हें कई प्लास्टिक की बोरियां दिखाई दीं। जब इन बोरियों को खोला गया तो अंदर बड़ी संख्या में नोट देखकर सभी हैरान रह गए।

बोरियों में मुख्य रूप से 10, 20 और 50 रुपये के नोट रखे हुए थे। इनमें कुछ नोट पुराने और मुड़े हुए थे, जबकि कुछ अपेक्षाकृत नए दिखाई दिए। इसके बाद स्थानीय लोगों और समुदाय के सदस्यों ने नकदी की गिनती शुरू की।

अभी 20 से ज्यादा बोरियों की गिनती बाकी

बताया जा रहा है कि कई घंटे तक नोटों की गिनती के बाद शुरुआती तौर पर करीब 8 से 9 लाख रुपये की रकम सामने आई। हालांकि, कमरे में मौजूद 20 से अधिक बोरियों की गिनती अभी बाकी बताई जा रही है। ऐसे में कुल रकम शुरुआती अनुमान से काफी अधिक हो सकती है।

फिलहाल नकदी को सुरक्षित रखने के लिए स्थानीय स्तर पर मस्जिद की देखरेख में रखा गया है। महिला के रिश्तेदारों को भी सूचना दी गई है।

रिश्तेदारों के आने के बाद तय होगी आगे की प्रक्रिया

स्थानीय समाजसेवियों और समुदाय के लोगों ने महिला के रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की है। उनके पहुंचने के बाद बाकी नकदी की गिनती पूरी की जाएगी। इसके साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि इतनी बड़ी रकम पर कानूनी रूप से किसका अधिकार बनता है।

महिला ने इतनी बड़ी रकम कैसे जमा की, वह नकदी कितने वर्षों में इकट्ठी हुई और उसके इस्तेमाल की क्या योजना थी, जैसे सवालों के जवाब भी आगे की जांच और परिवार की जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it