मैहर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से भिड़ी एसयूवी, कांग्रेस नेता के परिवार के 5 लोगों की मौत, जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे सभी
मैहर में भीषण सड़क हादसे में ट्रक से टकराई XUV कार, कांग्रेस नेता के परिवार के 5 लोगों की मौत और एक गंभीर घायल। जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी।

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र के तनाजा गांव के रहने वाले छह युवक अमरपाटन में जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। सभी लोग एक XUV कार में सवार थे। रात करीब दो बजे जब उनकी गाड़ी नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास नेशनल हाईवे-30 पर पहुंची, तभी कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन ट्रक के नीचे जा घुसा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत दल को सूचना दी।
रेस्क्यू के लिए गैस कटर का लेना पड़ा सहारा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। कई घंटों तक चले राहत अभियान के बाद पांच शवों को वाहन से बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे सतना और फिर बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक आपस में रिश्तेदार थे और कांग्रेस के पूर्व विधायक के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस दुर्घटना से पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में खुशी का माहौल कुछ ही घंटों में मातम में बदल गया। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, चालक को झपकी आने या ट्रक से अचानक दूरी कम होने जैसी संभावनाओं पर जांच की जा रही है। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जाएगी और वाहन के तकनीकी पहलुओं की जांच कराई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रशासन ने लोगों से रात के समय लंबी दूरी की यात्रा में सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील भी की है।


