लखनऊ में बिल्डर हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का इनामी बदमाश था संजय
लखनऊ में बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी और एक लाख का इनामी बदमाश संजय पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वहीं बरेली में 25 हजार का इनामी फरार कैदी दिनेश भी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार।

पुलिस घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात सूचना मिली थी कि संजय बाइक से इंदिरा कैनाल रोड इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही एएसपी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का था मुख्य शूटर
पुलिस के अनुसार संजय इसी वर्ष 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। घटना के बाद से वह लगातार फरार था और पुलिस को चकमा देकर स्थान बदलता रहा। उसकी गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस आयुक्त ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी संगठित आपराधिक गिरोहों से जुड़ा हुआ था और कई गंभीर वारदातों में उसकी भूमिका सामने आई थी।
कई जिलों में दर्ज थे आपराधिक मुकदमे
संजय अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का निवासी था। उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, अयोध्या, बस्ती समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस का कहना है कि वह कुख्यात अपराधियों और संगठित गैंग के संपर्क में रहकर वारदातों को अंजाम देता था। अब उसके अन्य साथियों की तलाश तेज कर दी गई है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
बरेली में भी इनामी कैदी गिरफ्तार
उधर, बरेली में पुलिस ने सेंट्रल जेल के कृषि फार्म से फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी कैदी दिनेश को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इज्जतनगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
दिनेश पॉक्सो मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था और कुछ दिन पहले जेल परिसर से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत कई टीमें लगातार अभियान चला रही थीं। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है।


