Top
Begin typing your search above and press return to search.

ओडिशा-छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन मूसलाधार बारिश का अलर्ट, बनने जा रहा कम दबाव का क्षेत्र

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिसा और छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। यूपी, एमपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

ओडिशा-छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन मूसलाधार बारिश का अलर्ट, बनने जा रहा कम दबाव का क्षेत्र
X

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से बढ़ेगा बारिश का दौर

मौसम प्रणाली के सक्रिय होने के बाद मध्य और पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, पूर्वी मध्य प्रदेश में पहले से बने कम दबाव के क्षेत्र का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर भी पड़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 22 से 26 अगस्त के बीच पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। विदर्भ में 22 से 25 अगस्त तक और छत्तीसगढ़ में 22 से 28 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

उत्तर भारत में भी बारिश का सिलसिला जारी

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। 22 और 23 अगस्त को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 22 अगस्त को कई इलाकों में वर्षा की संभावना है।

उत्तराखंड में 22 से 28 अगस्त के बीच व्यापक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट

पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। झारखंड में 23 से 28 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि बिहार में 24 से 28 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर तेज वर्षा होने का अनुमान है।

बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी जोरदार बरसात

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश में 22 से 25 अगस्त और फिर 26 से 28 अगस्त के दौरान कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।

असम और मेघालय के साथ-साथ अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जा सकती है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it