कोलकाता पुलिस ने 'X' पर ममता और अभिषेक बनर्जी को किया अनफॉलो, पीएम मोदी और अमित शाह को फॉलो किया
पश्चिम बंगाल की कोलकाता पुलिस ने अपने एक्स अकाउंट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अनफॉलो कर दिया है। चुनाव में मिली हार के बाद कोलकाता पुलिस ने उन्हें अनफॉलो किया है।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। यह बदलाव सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में कोलकाता पुलिस के एक्स अकाउंट ने पश्चिम बंगाल के बड़े नेताओं को अनफॉलो कर दिया है। जानकारी के अनुसार, कोलकाता पुलिस के आधिकारिक अकाउंट ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी , तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी से जुड़े कुछ अन्य नेताओं को अनफॉलो कर दिया है।
पीएम मोदी और अमित शाह को किया फॉलो
वहीं दूसरी ओर, अकाउंट अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और गृह मंत्रालय (MHA) के आधिकारिक हैंडल को फॉलो करना शुरू कर दिया है। यह बदलाव राज्य में बदले सत्ता समीकरणों के बाद देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसी बीच, शहर के विभिन्न हिस्सों में तृणमूल कांग्रेस के मुख्यालय और पार्टी नेताओं के आवासों से अतिरिक्त सुरक्षा हटाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
ममता बनर्जी ने नहीं बदली सोशल मीडिया प्रोफाइल
इस बीच पश्चिम बंगाल में 17वीं विधानसभा भंग होने के बावजूद तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल नहीं बदली है।
वे आधिकारिक तौर पर पश्चिम बंगाल की 'पूर्व मुख्यमंत्री' बन चुकी हैं, लेकिन सोशल मीडिया प्रोफाइल में अभी भी 'मुख्यमंत्री' का टैग बरकरार रखा है।
ममता बनर्जी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक और 'एक्स' पर अभी भी 'माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल' का इस्तेमाल कर रही हैं।
हार के बावजूद ममता ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने के इनकार किया था, जिसे वे सोशल मीडिया पर बरकरार रखे हुए हैं। इससे पहले, गुरुवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने 17वीं विधानसभा को भंग कर दिया। 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को पूरा हो चुका था।


