कंगना रनौत और बाबा रामदेव में जुबानी जंग तेज, सांसद ने कहा-बाबा जी, मेरी जवानी के बारे में सपने मत देखो
कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच जेन-जी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। रामदेव की आलोचना के बाद भाजपा सांसद कंगना ने सोशल मीडिया पर पलटवार किया।

नई दिल्ली। योग गुरु बाबा रामदेव और भाजपा सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। जेन-जी को लेकर कंगना रनौत की टिप्पणी पर बाबा रामदेव द्वारा निशाना साधे जाने के बाद अब अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया है। कंगना ने रामदेव की टिप्पणी को लेकर उन्हें व्यक्तिगत जीवन और चरित्र पर टिप्पणी नहीं करने की सलाह दी।
गटर वाले बयान पर कंगना रनौत पर निशाना साधने वाले बाबा रामदेव पर पलटवार किया है और क्लास लगा दी है। कंगना ने कहा है कि बाबा जी मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में दिन में सपने मत देखो। दरअसल, कंगना के गटर वाले बयान पर रामदेव ने कहा था कि उनका बचपन कैसा रहा, जवानी कैसी रही है, पहले के कारनामे कैसे रहे हैं। मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता।
कंगना ने सोशल मीडिया पर दिया जवाब
बाबा रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के निजी जीवन के बारे में अफवाहों या अटकलों के आधार पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। भाजपा सांसद ने रामदेव को अपने चरित्र पर सवाल उठाने से बचने की नसीहत भी दी।
कंगना ने अपने जवाब में रामदेव के पुराने विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके बारे में राय बनाने से पहले तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें चरित्र का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कम से कम मुझे कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे और धोखाधड़ी वाले मेडिकल असर के दावों के लिए फटकार नहीं लगी, जो पक्के तथ्यों पर आधारित हैं न कि किसी गॉसिप या अंदाजे पर। भाजपा सांसद ने बाबा रामदेव को फटकार लगाते हुए आगे कहा कि इसलिए मुझे कैरेक्टर के सबक मत दो। आपसे तो बहुत ज्यादा बेहतर है मेरा कैरेक्टर।
जेन-जी वाले बयान पर रामदेव ने कंगना को घेरा
दरअसल, कंगना रनौत ने जेन-जी को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी। इसी बयान पर बाबा रामदेव ने एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेत्री को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की पूरी पीढ़ी को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना उचित नहीं है।
रामदेव के मुताबिक, युवा देश की बड़ी ताकत हैं और उन्हें किसी एक टिप्पणी या पहचान के आधार पर खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं में नकारात्मक प्रवृत्तियां हो सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पूरी पीढ़ी को गलत तरीके से देखा जाए।
रामदेव बोले- पार्टी को संज्ञान लेना चाहिए
बाबा रामदेव ने कंगना के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति जेन-जी जैसे पूरे युवा वर्ग को गलत शब्दों से संबोधित करता है, तो यह सोचने का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा भारत के वर्तमान और भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं।
रामदेव ने यह भी कहा कि किसी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति के बयान को लेकर संबंधित पार्टी को भी संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
विवाद ने पकड़ा राजनीतिक रंग
कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच यह विवाद अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ रामदेव ने कंगना की जेन-जी संबंधी टिप्पणी की आलोचना की, वहीं कंगना ने जवाब देते हुए व्यक्तिगत टिप्पणियों पर आपत्ति जताई है।
दोनों के बयानों के बाद मामला राजनीतिक और सार्वजनिक बहस का हिस्सा बन गया है। हालांकि, फिलहाल विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग तर्क सामने रखे जा रहे हैं।


