कनाताल में सरकारी राशन परिवहन में बड़ी अनियमितता उजागर, खाद्यान्न से भरे दो वाहन सीज
टिहरी के कनाताल में औचक निरीक्षण के दौरान सरकारी राशन परिवहन में अनियमितता पकड़ी गई। बिना दस्तावेज और चालान के खाद्यान्न ले जा रहे दो वाहनों को प्रशासन ने सीज कर जांच के आदेश दिए।

टिहरी। टिहरी जनपद में सरकारी राशन परिवहन में बड़ी अनियमितता सामने आई है। शनिवार को चंबा–धनोल्टी सड़क पर कनाताल के पास किए गए औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने सरकारी खाद्यान्न से भरे दो वाहनों को सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कनाताल क्षेत्र में चल रहे वाहनों की अचानक जांच की। इस दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से जुड़े दो वाहनों को रोका गया। एक वाहन में 50 बोरी तथा दूसरे में 40 बोरी गेहूं और चावल लदे हुए थे, जिन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत भेजा जाना बताया गया।
जांच के दौरान प्रशासन को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। वाहनों में मौजूद चालक और कर्मचारियों के पास यह जानकारी नहीं थी कि राशन किस गांव या किस वितरण केंद्र के लिए भेजा जा रहा है। इसके अलावा खाद्यान्न गोदाम से जारी गेट पास, परिवहन से संबंधित दस्तावेज और चालान भी मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल और खाद्यान्न निरीक्षक को मौके पर बुलाया। साथ ही कानूनगो महिपाल सिंह पुंडीर, पटवारी धनपाल सिंह और सप्लाई इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह नेगी को भी जांच में शामिल किया गया।
प्रशासन ने दोनों वाहनों को सीज करते हुए मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी ज्योति भी मौके पर मौजूद रहीं।


