इटली में गुरुद्वारे के सामने चलीं गोलियां, दो भारतीयों की मौत; हमलावर की तलाश जारी
इटली के बरगामो में एक गुरुद्वारे के सामने फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एक संदिग्ध व्यक्ति ने दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।

रोम। इटली के बर्गामो में एक गुरुद्वारे के सामने फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एक संदिग्ध व्यक्ति ने दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। यह गुरुद्वारा एक गोदाम में था जिसका इस्तेमाल पूजा स्थल के रूप में किया जा रहा था।
'ला सिसिलिया' अखबार के अनुसार, यह हमला शुक्रवार को मध्य रात्रि से कुछ देर पहले शहर के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के सामने स्थित चौक में हुआ।जानकारी के मुताबिक मारे गए दोनों भारतीय सिख हैं। वे गुरुद्वारे से बाहर निकल रहे थे तभी एक अज्ञात हमलावर ने गोली चला दी। दोनों मृतकों की पहचान राजिंदर सिंह और गुरमीत सिंह के तौर पर की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोली चलाने वाला भी एक भारतीय ही है। वह किसी वाहन से वहां से तुरंत फरार हो गया।शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलावरों के साथ कुछ कहासुनी हुई थी और इसके बाद हमलावर गोली चलाने लगा। कुछ लोगों का कहना है कि जिसने भी गोली चलाई है वह भी अकसर गुरुद्वारे आता था। उसके मुताबिक एक तीसरे व्यक्ति को भी गोली लगी है जिसे अस्पताल ले जाया गया है।
10 राउंड गोलियां बरामद
बता दें कि गुरुद्वारे में शनिवार को बैसाखी का पर्व भी मनाया जा रहा था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने घटनास्थल से कम से कम 10 राउंड गोलियां बरामद की हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी सोची समझी साजिश के तहत हमला किया गया है। हालांकि शुरुआती जांच में यही समझ में आ रहा है कि यह गोलीबारी क्षणिक बहस के बाद हुई।इस घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। संदिग्ध की तलाश के लिए इटली की पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है और शहर में नाकेबंदी की गई है।


