Top
Begin typing your search above and press return to search.

ईरान पर इजरायल का हमला, भारतीयों को दूतावास ने किया अलर्ट, 24x7 हेल्पलाइन जारी

इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर भीषण हमला कर दिया है। तेहरान में जबरदस्त धमाके हो रहे हैं। ऐसे में भारतीय दूतावास ने इजरायल में रहने वाले अपने नागरिकों को सतर्क रहने के लिए कहा है। भारतीय दूतावास की तरफ से 24 घंटे हेल्पलाइन भी शुरू की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में मदद मिल सके।

ईरान पर इजरायल का हमला, भारतीयों को दूतावास ने किया अलर्ट, 24x7 हेल्पलाइन जारी
X

नई दिल्ली। इजरायल और ईरान के बीच जंग शुरू हो गई है। थोड़ी देर पहले इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर भीषण बमबारी की है। तेहरान में इस समय तबाही का मंजर नजर आ रहा है। अमेरिका के साथ मिलकर यहूदी देश ने ईरान के राष्ट्रपति भवन, खुफिया एजेंसी और एयरपोर्ट सहित 30 ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमला किया है। ईरानी राष्ट्रपति अयातुल्ला अली खामनेई को सुरक्षित ठिकाने पर भेज दिया गया है। ऐसे में भारतीय दूतावास ने दोनों देशों में अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके अलावा इंडिगो और एअर इंडिया ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।

भारतीय दूतावास ने एडवायजरी में क्या कहा?

  • इजरायल में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें और हर समय चौकन्ने रहें।
  • इजरायली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड की सुरक्षा गाइडलाइन और निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
  • सभी भारतीय नागरिकों को तय शेल्टर के पास रहना चाहिए और अपने रहने या काम करने के इलाके में सबसे पास की सुरक्षित जगहों के बारे में पता होना चाहिए।
  • भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अगली सूचना तक इजरायल के अंदर सभी गैर-जरूरी और गैर-जरूरी यात्राओं से बचें।
  • लोकल न्यूज, ऑफिशियल अनाउंसमेंट और इमरजेंसी अलर्ट पर रेगुलर नजर रखने रखें।
  • किसी भी इमरजेंसी में, भारतीय नागरिक 24x7 हेल्पलाइन के जरिए तेल अवीव में भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं:
  • टेलीफोन: +972-54-7520711; ई-मेल: [email protected]
  • एम्बेसी संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और जरूरत के हिसाब से अपडेट जारी करती रहेगी।

जॉर्डन में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

ईरान और इजरायल के हालात को देखते हुए जॉर्डन में स्थित इजरायली एंबेसी ने भी एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिकों और टूरिस्ट को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें और लोकल अधिकारियों की सलाह का ध्यान से पालन करें। जॉर्डन में सभी भारतीय टूरिस्ट को यह भी सलाह दी जाती है कि कमर्शियल फ्लाइट्स का ऑपरेशन रुक जाए, उससे पहले वे तुरंत देश छोड़ दें। किसी भी इमरजेंसी में, कोई भी एम्बेसी से 00962-770 422 276 पर संपर्क कर सकता है।

एडवाइजरी में इंडिगो ने क्या कहा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में इंडिगो ने कहा, 'हम ईरान और उसके हवाई क्षेत्र से जुड़े अपडेट पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। हमारे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों (क्रू) की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थिति बदलने पर हमारी टीमें किसी जरूरी बदलाव को लागू करने के लिए तैयार हैं।'

एयलाइन ने यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी। इंडिगो ने कहा, यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी जाती है। किसी भी प्रभाव की स्थिति में अपडेट पंजीकृत संपर्क विवरण के जरिये तुरंत साझा किए जाएंगे। इंडिगो ने आगे कहा कि वह यात्रियों को लगातार जानकारी देता रहेगा और इस अवधि के दौरान पूरी तरह सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

इंडिगो ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ईरान और पश्चिम एशिया के आसपास हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों में बदलावों को देखते हुए वहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यह निलंबन भारतीय समयानुसार 0000 बजे तक लागू रहेगा। एक सूत्र के मुताबिक, दुबई, जेद्दा, दोहा, अबू धाबी, दम्माम, बहरीन, शारजाह, कुवैत और रस अल-खैमाह से आने-जाने वाली उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं।

एअर इंडिया ने भी जारी की एडवाइजरी

इस बीच, एअर इंडिया ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एअरलाइन ने कहा, पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में पैदा हुई स्थिति को देखते हुए एअर इंडिया की पश्चिम एशिया के सभी गंतव्यों के लिए सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। हम अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपनी उड़ानों के संचालन के लिए सुरक्षा के माहौल का निरंतर आकलन करेंगे और जरूरत के अनुसार परिचालन में बदलाव करेंगे। हमारी टीमें यात्रियों को हरसंभव मदद प्रदान करेंगी। ताजा अपडेट के लिए कृपया अपनी उड़ान की स्थिति यहां देखें- https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html

एयलाइन ने आगे कहा, इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कृपया हमारे 24x7 सहायता केंद्र से +911169329333 और +91 1169329999 पर संपर्क करें। आपसे अनुरोध है कि हमारी वेबसाइट भी देखें। आपके धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद।

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा

यह ट्रैवल एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है, खासकर ईरान और इस्राइल के बीच। इसका असर ईरानी हवाई क्षेत्र से गुजरने वाली उड़ानों और मार्गों पर पड़ सकता है। तेहरान में भारतीय दूतावास ने भी आज एक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की। दूतावास ने इस्राइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए संयुक्त सैन्य हमले के बाद भारतीय नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने और अनावश्यक गतिविधियों से बचने का आग्रह किया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it