भारत के ‘नए हीरो’ कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायल का सलाम, मुंबई में लगाया बड़ा बिलबोर्ड
फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में इजरायल ने मुंबई में बड़े बिलबोर्ड लगाए। जानिए फ्लाइट में क्या हुआ और क्यों हुई उनकी तारीफ।

मुंबई। फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में संकट के दौरान सूझबूझ और साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायल ने खास सम्मान दिया है। मुंबई में इजरायल के महावाणिज्य दूतावास ने कैप्टन स्मित के सम्मान में बड़े-बड़े बिलबोर्ड लगाए हैं। इजरायल के कॉन्सल जनरल यानिव रेवाच ने उन्हें “भारत का नया हीरो” बताते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुंबई में गूंजा ‘थैंक यू कैप्टन स्मित’
इजरायल के कॉन्सल जनरल यानिव रेवाच ने सोशल मीडिया पर बिलबोर्ड की तस्वीर साझा की। इसमें लिखा है, “जानें बचाने के लिए कैप्टन स्मिथ, आपका धन्यवाद। हम आपके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।” यानी लोगों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित को धन्यवाद और उनके जल्द स्वस्थ होने की शुभकामना।
यानिव रेवाच ने कहा कि भारत को एक नया हीरो मिला है और इजरायल उनका नाम कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कैप्टन स्मित के साहस की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
फ्लाइट में क्या हुआ था?
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। विमान में 174 लोग सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। उड़ान के दौरान विमान ने अचानक तेज ऊंचाई खोई और करीब 17,000 फीट नीचे आ गया। इसी दौरान को-पायलट द्वारा कैप्टन स्मित पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना की जांच अभी जारी है।
पीएम मोदी से भी हुई थी स्मित की बातचीत
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी। इस दौरान स्मित ने अपने अनुभव के बारे में बताया था। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने संकट के बीच खुद को संभालने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कॉकपिट का दरवाजा खोलने के प्रयास का जिक्र किया।
घटना में घायल स्मित का इलाज चल रहा है। उनके परिवार की ओर से भी बताया गया है कि उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर पर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।
इजरायल की ओर से मुंबई में लगाए गए बिलबोर्ड के बाद कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।


