ईरान का बड़ा ऐलान, अमेरिका के 3 फाइटर जेट मार गिराए, नेतन्याहू के कार्यालय पर भी हमला
ईरान ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिका के 3 फाइटर जेट मार गिराए हैं। कुवैत की सरकार ने भी ऐलान किया है कि अमेरिका के कई फाइटर जेट क्रैश हुए हैं।

तेहरान। इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में भयंकर तनाव के दौर से गुजर रहा है। ईरान ने इजरायल के साथ ही पूरे मिडिल ईस्ट में बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। कुवैत में ईरान के मिसाइल हमले में 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है, जबकि 5 गंभीर घायल हुए हैं।
इजरायल में ईरानी मिसाइलों की चपेट में आकर कई लोग मारे गए हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान की नई लीडरशिप ने बात करने की इच्छा जताई है और वह ऐसा करने की योजना बना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने 48 ईरानी नेताओं को मारने का दावा किया और कहा है कि आखिरी लक्ष्य हासिल करने तक ईरान पर हमले जारी रहेंगे।
अमेरिका के फाइटर जेट गिराए, ईरान का ऐलान
ईरान ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिका के 3 फाइटर जेट मार गिराए हैं। कुवैत की सरकार ने भी ऐलान किया है कि अमेरिका के कई फाइटर जेट क्रैश हुए हैं। अभी यह साफ नहीं है कि अमेरिकी जेट के गिरने की वजह क्या है। इस बीच ईरान ने यह भी कहा है कि उसने इजरायली पीएम नेतन्याहू के घर को भी आज सुबह निशाना बनाया है। अभी यह पता नहीं है कि नेतन्याहू कहां पर हैं।
नेतन्याहू के कार्यालय और एयरफोर्स कमांडर पर हमला
ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने इजरायली पीएम नेतन्याहू के कार्यालय और इजरायल के एयरफोर्स कमांडर के ऑफिस पर अचानक से आज सुबह हमला बोला है। इस दौरान खैबर मिसाइल का इस्तेमाल किया गया। यह ईरान की ओर से इजरायल पर किया गया 10वां हमला है। इजरायल ने ईरान के इस दावे पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
ईरान के परमाणु ठिकाने नतांज पर हमला, खतरा
ईरान ने दावा किया है कि इजरायल और अमेरिका ने उसके नतांज परमाणु संयंत्र पर हमला किया है। वहीं परमाणु ऊर्जा आयोग आईएईए ने चेतावनी दी है कि नतांज से रेडिएशन लीक हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो आसपास के लोगों पर इसका बहुत ही बुरा असर पड़ेगा। आईएईए ने अमेरिका और इजरायल से संयम की अपील की है।
ईरान के खुफिया अधिकारी को मारा, इजरायल का दावा
इजरायली सेना ने कहा है कि उसने ईरान के इजरायली मामले के उप खुफिया अधिकारी सैयद याह्या हमीदी को मार दिया है। इसके अलावा ईरानी सेना के कई और अधिकारी मारे गए हैं। इसमें जलाल पोउर हुसैन भी शामिल हैं। यह जासूसी डिविजन के मुखिया हैं। इजरायल ने यह नहीं बताया कि इनको कब और कैसे मारा गया है।
अमेरिका- इजरायल के हमले में ईरान में अब तक 555 की मौत
ईरान के सरकारी मीडिया ने ईरान के रेड क्रीसेंट सोसायटी के हवाले से बताया है कि अमेरिका और इजरायल के हमले में अब तक कम से कम 555 लोग मारे गए हैं। यह लड़ाई अब तीसरे दिन में प्रवेश कर गई है। इससे पहले मौतों का आंकड़ा करीब 200 था। वहीं तीन अमेरिकी सैनिक भी मारे गए हैं। वहीं कुवैत में अमेरिका के कई फाइटर जेट तबाह हो गए हैं।
खाड़ी देशों से 3400 फ्लाइट कैंसिल
ईरान के लगातार हमलों की वजह से खाड़ी देशों से अब तक 34 फ्लाइट कैंसिल हो गई हैं। इससे करीब 300,000 लोग फंस गए हैं। ऐसी खबरें हैं कि ब्रिटेन अपने नागरिकों को निकालने के प्लान पर काम कर रहा है। फंसने वालों में सैकड़ों भारतीय भी शामिल हैं जो इन देशों में यात्रा पर गए थे। दुबई, शारजाह, अबूधाबी और कतर के एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। इससे पूरा यातायात प्रभावित हुआ है।
सऊदी की तेल रिफाइनरी पर ईरान का हमला
ईरान ने अब कथित रूप से सऊदी अरब में अरामको की तेल रिफाइनरी पर हमला बोला है। एक ईरानी ड्रोन ने सऊदी अरब के रास तनूरा रिफाइनरी पर हमला किया। इससे वहां पर आग लग गई। सऊदी अधिकारियों तत्काल आग पर काबू पा लिया। यह रिफाइनरी सऊदी के सबसे बड़े तेल रिफाइनरी में से एक है। इस हमले के बाद सऊदी अरब ने अभी कोई जवाबी ऐक्शन नहीं लिया है।
ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी अब अमेरिका-इजरायल के साथ
ईरान की मिसाइलों की बारिश के बीच ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने ऐलान किया है कि वे ईरान के खिलाफ अपने हितों की रक्षा करेंगे। ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने कहा है कि उनके देश ने अमेरिका के ब्रिटिश सैन्य अड्डों के इस्तेमाल के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। अब अमेरिकी सेना ब्रिटिश अड्डों से ईरान के मिसाइल ठिकानों पर हमला कर सकेगी। इस बीच फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी करके कहा है कि वे इस इलाके में अपने हितों और अपने सहयोगियों की रक्षा करेंगे जो ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना कर रहे हैं। हम अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए सहमत हुए हैं। इन तीनों देशों के ऐलान के बाद ईरान झुक नहीं रहा है।


